जनदर्शन में गूंजी प्रशिक्षित गौ सेवकों की पीड़ा: 20 साल की सेवा के बाद भी निश्चित मानदेय को तरसे, नियमितीकरण की लगाई गुहार
मुख्यमंत्री जनदर्शन पहुंचे प्रदेश भर के गौ सेवक, बोले- महंगाई में परिवार चलाना हुआ मुश्किल’ एक सम्मानजनक और निश्चित वेतनमान की मांग
रायपुर। प्रदेश में गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और प्राथमिक उपचार की रीढ़ माने जाने वाले प्रशिक्षित गौ सेवक आज अपने ही अस्तित्व और आजीविका की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को मुख्यमंत्री के ‘जनदर्शन’ कार्यक्रम में एक बार फिर प्रशिक्षित गौ सेवकों का दर्द छलक कर सामने आया। प्रदेश के विभिन्न ग्रामीण अंचलों से पहुंचे प्रशिक्षित गौ सेवकों ने मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात कर अपनी वर्षों पुरानी मांगों को उनके समक्ष रखा। गौ सेवकों ने सरकार से गुहार लगाई है कि उन्हें पशु चिकित्सा विभाग में नियमित किया जाए और जब तक नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक उनके लिए एक सम्मानजनक और निश्चित वेतनमान तय किया जाए।
जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे गौ सेवकों की आंखों में भविष्य की चिंता और सरकार से समाधान की एक बड़ी उम्मीद साफ दिखाई दे रही थी। उनका कहना था कि वे इस आशा के साथ राजधानी पहुंचे हैं कि मुख्यमंत्री उनकी पीड़ा को समझेंगे और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए ठोस कदम उठाएंगे।
दो दशक की सेवा, लेकिन हाथ आज भी खाली
जनदर्शन में अपनी फरियाद लेकर पहुंचे प्रशिक्षित गौ सेवकों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि वे छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के शुरुआती दौर यानी तत्कालीन मुख्यमंत्री अजीत जोगी के शासनकाल से ही प्रदेश में प्रशिक्षित गौ सेवक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पिछले 20 से 25 वर्षों दूरस्थ अंचल के गांव में मवेशियों की सेवा कर रहे हैं, लेकिन विडंबना यह है कि इतने लंबे अंतराल के बाद भी सरकार की ओर से उनके लिए कोई निश्चित मानदेय तय नहीं किया गया है।
गौ सेवकों ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के तहत उन्हें केवल पशुओं के टीकाकरण (वैक्सीनेशन) के एवज में ही नाममात्र का पारिश्रमिक मिल पाता है। यह राशि इतनी कम और अनियमित है कि इससे घर चलाना असंभव हो गया है। गौ सेवकों का तर्क है कि जिस प्रकार राज्य सरकार द्वारा ग्राम पंचायत सचिवों और पंचायत शिक्षक की नियुक्ति हुई है वैसे प्रक्रिया में गौ सेवकों की नियुक्ति किया गया है, ठीक उसी तर्ज पर प्रशिक्षित गौ सेवकों के लिए भी मानदेय का निर्धारण होना चाहिए।
बढ़ती महंगाई में जीवन यापन बना बड़ी चुनौती
अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए गौ सेवकों ने कहा कि आज महंगाई आसमान छू रही है। बच्चों की पढ़ाई, परिवार का भरण-पोषण और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करना उनके लिए बेहद कठिन हो गया है। 20 से 25 साल अपनी जवानी के महत्वपूर्ण वर्ष पशु सेवा में खपा देने के बाद अब वे उम्र के ऐसे पड़ाव पर हैं, जहां वे कोई दूसरा काम भी शुरू नहीं कर सकते।
जनदर्शन में शामिल होने आए विभिन्न गांवों के प्रतिनिधियों ने कहा कि उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों और मंत्रियों के माध्यम से अपनी बात पहुंचाई, लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। यही कारण है कि आज उन्हें सीधे मुख्यमंत्री के जनदर्शन कार्यक्रम में आना पड़ा, ताकि प्रदेश के मुखिया सीधे तौर पर उनकी समस्याओं को सुनें और संवेदनशीलता के साथ कोई निर्णय लें।
सड़कों पर भटकते मवेशी और ‘गोधाम योजना’ का सच
गौ सेवकों ने केवल अपनी आर्थिक समस्या ही नहीं उठाई, बल्कि प्रदेश में गौवंश की दयनीय स्थिति पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि आज ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोग गायों को दूध निकालने के बाद खुला छोड़ देते हैं। इसके चलते बड़ी संख्या में गायें सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं। उचित देखभाल और चारे-पानी के अभाव में आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में मवेशियों की जान जा रही है और फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
इस गंभीर समस्या की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए गौ सेवकों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बड़े जोर-शोर से ‘गोधाम योजना’ शुरू करने की घोषणा की थी। इस योजना से गौ सेवकों और पशुपालकों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि यह योजना आज तक धरातल पर पूरी तरीक़े से शुरू नहीं हो पाई है। योजना के क्रियान्वयन में हो रही देरी के कारण पशुओं की समुचित देखरेख नहीं हो पा रही है।
प्रशिक्षित गौ सेवकों के साथ उपेक्षा क्यों?
प्रशिक्षित गौ सेवकों का कहना है कि वर्तमान में पूरे प्रदेश में लगभग 3,000 प्रशिक्षित गौ सेवक मौजूद हैं। इन सभी को प्राथमिक पशु चिकित्सा और देखभाल का विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त है। यदि सरकार चाहे तो इन 3 हजार प्रशिक्षित युवाओं का उपयोग गौवंश के संरक्षण, गौशालाओं के संचालन और ग्रामीण स्तर पर पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने में कर सकती है। वे गायों की अच्छी तरह से देखभाल और रखरखाव करने में पूरी तरह सक्षम हैं।
गौ सेवकों ने स्पष्ट कहा कि एक तरफ सरकार गौ संरक्षण की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ जो वर्ग पिछले दो दशकों से जमीन पर उतरकर निस्वार्थ भाव से पशुओं की सेवा कर रहा है, उसी की उपेक्षा की जा रही है।
सरकार के फैसले पर टिकी निगाहें!
जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपने के बाद अब प्रदेश भर के 3 हजार प्रशिक्षित गौ सेवकों की निगाहें राज्य सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई हैं। गौ सेवकों का मानना है कि यदि सरकार ग्राम पंचायत सचिवों और पंचायत शिक्षा कर्मियों की तरह उनके लिए भी एक निश्चित मानदेय और पशु चिकित्सा विभाग में नियमितीकरण की नीति बनाती है, तो इससे न केवल 3 हजार परिवारों का भविष्य सुरक्षित होगा, बल्कि प्रदेश में बेसहारा घूम रहे गौवंश को भी एक नया जीवन और उचित संरक्षण मिल सकेगा। फिलहाल, गौ सेवक इस उम्मीद के साथ अपने गांवों को लौटे हैं कि मुख्यमंत्री जनदर्शन में लगाई गई उनकी यह गुहार खाली नहीं जाएगी।































