तेंदुए की मौजूदगी की सूचना पर वन विभाग सतर्क, ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील तेंदुआ दिखने पर नजदीक जाने या उसे परेशान करने से बचें, वन विभाग को दें सूचना
रामकुमार भारद्वाज कोंडागांव :- जिले के बड़े राजपुर वन परिक्षेत्र के विश्रामपुरी परिसर अंतर्गत ग्राम रोंगाडीही में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए के विचरण की सूचना मिलने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। वन विभाग की टीम द्वारा गांव में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क एवं जागरूक किया जा रहा है। वहीं वन्यजीव की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त भी तेज कर दी गई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, अकेले जंगल अथवा सुनसान इलाकों में जाने से बचें तथा बच्चों और पालतू पशुओं की विशेष निगरानी रखें। तेंदुआ दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने, पीछा करने या उसे परेशान करने से बचें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
वहीं बड़े राजपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी योगेन्द्र समुन्द्र ने तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग द्वारा गांव में मुनादी कराकर लोगों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। साथ ही वन्यजीव की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




























