मदर टेरेसा स्कूल बोरगांव में बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा रैली
हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थी देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े और लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया
रामकुमार भारद्वाज फरसगांव :- ब्लॉक के मदर टेरेसा इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल, बोरगांव के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों द्वारा 13 अगस्त गुरुवार को देशभक्ति के जज्बे के साथ भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। तिरंगा रैली पीटीसी से प्रारंभ होकर बोरगांव ढाबा होते हुए हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान तक पहुंची।
राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
इस दौरान रैली ने लगभग पूरे बोरगांव नगर का भ्रमण किया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थी देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े और लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ कदम से कदम मिलाकर तिरंगा यात्रा में सहभागिता निभाई। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा। इस तिरंगा रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र गौरव का सुंदर संदेश दिया। विद्यालय परिवार के अनुसार, यह आयोजन बच्चों के लिए न केवल उत्साहपूर्ण रहा, बल्कि उन्हें देश के प्रति जिम्मेदारी और सम्मान की भावना से जोड़ने वाला एक प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव भी रहा।
























