393 कट्टा अवैध धान जब्त, लेकिन 26 खरीदी केंद्रों में अब तक बोहनी नहीं! बिचौलियों पर प्रशासन का शिकंजा, मौसम की मार से सरकारी खरीदी की रफ्तार धीमी
चार ठिकानों पर राजस्व टीम की दबिश, दुकानों से धान के साथ चावल भी जब्त; नौ दिनों में 2,775 किसानों से 8,479 मीट्रिक टन खरीदी, अचानक बढ़ सकती है आवक तो उठाव और भंडारण की बढ़ेगी चुनौती
केशव साहू बलौदा बाजार। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हुए नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में खरीदी की रफ्तार अभी अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाई है। जिले के 181 उपार्जन केंद्रों में से 26 केंद्र ऐसे हैं, जहां 23 नवंबर तक धान की बोहनी तक नहीं हुई है। दूसरी तरफ पुराने धान को सरकारी खरीदी व्यवस्था में खपाने और अवैध भंडारण की आशंका के बीच जिला प्रशासन ने बिचौलियों और व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 393 कट्टा धान जब्त किया है। इसके अलावा एक स्थान से करीब 15 क्विंटल खुला धान और दूसरे स्थान से 15 कट्टा चावल भी बरामद किया गया है।
इस बीच मौसम की मार से धान कटाई और मिसाई में देरी होने के कारण किसान अभी बड़ी संख्या में खरीदी केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक 23 नवंबर तक जिले में 2,775 किसानों से 8,479 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। ऐसे में एक तरफ अवैध धान पर कार्रवाई की चुनौती है तो दूसरी तरफ आने वाले दिनों में अचानक बढ़ने वाली धान की आवक को संभालना प्रशासन और समितियों के लिए बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है।
चार ठिकानों पर दबिश, दुकानों से 393 कट्टा धान जब्त
जिले में समर्थन मूल्य पर खरीदी की आड़ में अवैध धान खपाने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों और संदिग्ध भंडारण स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम ने सिमगा, लवन और टुंड्रा तहसील क्षेत्र में कार्रवाई की।
सिमगा अनुविभाग के ग्राम कामता स्थित शायब ट्रेडिंग कंपनी से 279 कट्टा धान और करीब 15 क्विंटल खुला धान जब्त किया गया। इसी तरह लवन तहसील के ग्राम भालुकोना में विमल ट्रेडर्स की दुकान से 90 कट्टा धान बरामद हुआ। वहीं टुंड्रा तहसील के ग्राम गिरौदपुरी में बिसाहू साहू किराना स्टोर से 10 कट्टा धान और 15 कट्टा चावल जब्त किया गया। ग्राम नरधा में पूनाराम ट्रेडर्स से 14 कट्टा धान बरामद किया गया। इस तरह चार स्थानों से कुल 393 कट्टा धान जब्त किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध भंडारण और बिचौलियों पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
181 केंद्रों में खरीदी शुरू, लेकिन 26 केंद्रों में अब तक सन्नाटा
जिले में 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। जिले में 168 समितियों के अंतर्गत 181 उपार्जन केंद्र संचालित हैं। लेकिन खरीदी के शुरुआती नौ दिनों में ही कई केंद्रों पर धान की आवक बेहद कमजोर रही है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार अहिल्दा, कुम्हारी, करदा, कोरदा, कोटियाडीह, कोयदा, खैरा, चिचिरदा, टुंडरा, तेलासी, ताराशिव, धाराशिव, नरधा, सुकली, पनगांव, बम्हनपुरी, बलौदी, मटिया, मुंडा, रिकोकला, लवन, सरखोर, सर्वा, मरदा, सिरियाडीह, सोनाखान सहित 26 उपार्जन केंद्रों में 23 नवंबर तक धान की खरीदी शुरू नहीं हो सकी थी।
कई केंद्रों में किसानों के नहीं पहुंचने से शुरुआती दिनों में खरीदी की रफ्तार धीमी बनी हुई है। इसकी प्रमुख वजह मौसम की खराबी और धान की कटाई-मिसाई में देरी बताई जा रही है। खेतों में फसल तैयार होने के बावजूद मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण किसान समय पर धान की कटाई और मिंजाई नहीं कर पाए। इसका सीधा असर उपार्जन केंद्रों में धान की आवक पर पड़ा है।
अभी सुस्त खरीदी, आगे अचानक बढ़ सकती है आवक
शुरुआती दिनों में कम आवक से भले ही उपार्जन केंद्रों पर दबाव कम दिखाई दे रहा हो, लेकिन समितियों की चिंता इससे कम नहीं हुई है। मौसम खुलने के बाद खेतों में कटाई और मिंजाई का काम तेज होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में किसान एक साथ धान बेचने पहुंच सकते हैं।
समितियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती धान की तौल, बारदाने की उपलब्धता, हमालों की व्यवस्था और खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण की होगी। यदि आवक अचानक बढ़ी और उसके अनुपात में उठाव नहीं हुआ तो उपार्जन केंद्रों में जगह की कमी की समस्या खड़ी हो सकती है।
यही वजह है कि शुरुआती दिनों की कमजोर खरीदी को प्रशासन भले ही मौसम से जोड़कर देख रहा हो, लेकिन आने वाले दिनों में खरीदी और परिवहन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना जरूरी होगा।
कलेक्टर की बैठक में मिलर्स और बिचौलियों पर निगरानी के निर्देश
धान खरीदी की व्यवस्था की समीक्षा के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सोमवार को खाद्य, सहकारिता, कृषि और मंडी बोर्ड के अधिकारियों की बैठक ली। इसमें खरीदी की स्थिति के साथ-साथ अवैध धान के भंडारण और पुराने धान को सरकारी खरीदी में खपाने की आशंका पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने राइस मिलर्स, कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही राइस मिलों में बिजली मीटर की खपत और उपलब्ध धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने को कहा, ताकि वास्तविक कारोबार और उपलब्ध भंडारण की स्थिति का मिलान किया जा सके।
उन्होंने बड़े किसानों के अधिक से अधिक टोकन जारी करने, मंडियों में होने वाली खरीदी पर निगरानी रखने और उपार्जन केंद्रों में धान की उचित स्टेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा मंडियों में धान बेचने वाले किसानों से नियमानुसार रकबा समर्पण कराने तथा पोहा मिलों में धान बेचने वाले किसानों से सौदा पत्रक लेकर बिक्री संबंधी जानकारी जुटाने को कहा गया है। कलेक्टर ने खरीदे गए धान का जल्द उठाव सुनिश्चित करने और जिन केंद्रों में खरीदी शुरू नहीं हुई है, वहां इसी सप्ताह खरीदी प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
अब प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में इस समय धान खरीदी व्यवस्था के सामने दो अलग-अलग चुनौतियां हैं। पहली चुनौती बिचौलियों और अवैध भंडारण पर नियंत्रण रखते हुए यह सुनिश्चित करना है कि समर्थन मूल्य का लाभ वास्तविक किसानों को मिले। दूसरी चुनौती मौसम खुलने के बाद तेजी से बढ़ने वाली धान की आवक को व्यवस्थित तरीके से संभालने की है।
चार स्थानों पर कार्रवाई कर 393 कट्टा धान जब्त करना प्रशासन की सख्ती को जरूर दिखाता है, लेकिन अब यह भी देखना होगा कि जब्त धान के स्रोत और संबंधित कारोबारियों के दस्तावेजों की जांच में क्या सामने आता है। वहीं 26 उपार्जन केंद्रों में बोहनी नहीं होने के बाद आने वाले दिनों में खरीदी की रफ्तार कितनी बढ़ती है, यह भी महत्वपूर्ण रहेगा। यानी जिले में धान खरीदी का शुरुआती दौर प्रशासन के लिए आसान नहीं दिख रहा है। एक ओर अवैध धान पर कार्रवाई का दबाव है तो दूसरी ओर किसानों की उपज समय पर खरीदने और उसका सुरक्षित उठाव सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी। अब असली परीक्षा इस बात की होगी कि प्रशासन की निगरानी और व्यवस्थाएं जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी साबित होती हैं।





























