बलौदाबाजार में आदिवासी गौरव दिवस पर घमासान! शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज की पीड़ा, बोले- प्रधानमंत्री से परिचय तक नहीं कराया गया, सरकार के दावों के बीच समाज ने बताई जमीनी हकीकत….

बलौदाबाजार में आदिवासी गौरव दिवस पर सम्मान बनाम अधिकार की बहस, सरकार के दावों के बीच समाज ने बताई जमीनी हकीकत, शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज की पीड़ा, बोले- प्रधानमंत्री से परिचय तक नहीं कराया गया...! (Chhattisgarh Talk)
बलौदाबाजार में आदिवासी गौरव दिवस पर सम्मान बनाम अधिकार की बहस, सरकार के दावों के बीच समाज ने बताई जमीनी हकीकत, शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज की पीड़ा, बोले- प्रधानमंत्री से परिचय तक नहीं कराया गया...! (Chhattisgarh Talk)

बलौदाबाजार में आदिवासी गौरव दिवस के कार्यक्रम के मंच पर नाराजगी! 21 गांवों में बिजली-सड़क का मुद्दा उठा, किस बात का गौरव? शहीदों के वंशज का सवाल, शहीदों के वंशज बोले- फूल-माला नहीं, सपनों को पूरा करे सरकार, आदिवासी समाज ने खोली विकास के दावों की हकीकत…

बलौदाबाजार: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बलौदाबाजार के इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में जहां शासन-प्रशासन ने आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और विकास कार्यों को लेकर अपनी बात रखी, वहीं कार्यक्रम के बीच आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों और शहीदों के वंशजों की नाराजगी भी सामने आई। सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ध्रुववंशी ने कसडोल क्षेत्र के 21 गांवों में मूलभूत सुविधाओं की कमी, बिजली और शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया। वहीं शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेन्द्र दीवान ने सवाल किया कि जिन क्रांतिकारियों के बलिदान को याद करने के लिए गौरव दिवस मनाया जा रहा है, क्या सरकारें उनके सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रही हैं? दूसरी ओर कार्यक्रम में मौजूद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नाराजगी की बात को स्वाभाविक बताते हुए 21 गांवों में बिजली और सड़क जैसी समस्याओं के समाधान के लिए निर्देश दिए जाने की जानकारी दी।

गौरव दिवस के आयोजन के बीच मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा

कार्यक्रम के बाद सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ध्रुववंशी ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि आदिवासी समाज को केवल गौरव दिवस मनाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि समाज के उन परिवारों और गांवों तक विकास पहुंचाने की जरूरत है, जो आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने विशेष रूप से कसडोल क्षेत्र के 21 गांवों का उल्लेख करते हुए बिजली, सड़क और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा।

ध्रुववंशी ने एकलव्य विद्यालयों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आदिवासी बच्चों की शिक्षा के लिए केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, लेकिन योजनाओं का वास्तविक लाभ धरातल तक पहुंचना भी जरूरी है। उन्होंने सवाल किया कि जब योजनाएं बनाई जा रही हैं तो उनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी किसकी है? उनका कहना था कि आदिवासी समाज के महापुरुषों और क्रांतिकारियों के इतिहास को सम्मान देने के साथ-साथ उनके समाज की वर्तमान समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आदिवासी समाज को वनवासी नहीं, बल्कि आदिवासी कहा जाना चाहिए और उसकी पहचान तथा इतिहास का सम्मान किया जाना चाहिए।

बृजमोहन अग्रवाल बोले- 21 गांवों में बिजली और सड़क की समस्या दूर करने के निर्देश

कार्यक्रम में मौजूद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार ने पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों ने मुगलों और अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया तथा देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऐसे वीरों को याद करना और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना इस आयोजन का उद्देश्य है।

कसडोल क्षेत्र के 21 गांवों में बिजली की समस्या को लेकर उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार कुछ गांवों में बैटरी स्टोरेज खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित है। इन बैटरी स्टोरेज को बदलने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं शेष सात गांवों में वन संरक्षण अधिनियम के कारण सामान्य तरीके से बिजली पहुंचाने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए सोलर ऊर्जा के माध्यम से बिजली उपलब्ध कराने की बात कही गई है। सड़क की समस्या पर उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र में सामान्य सड़क निर्माण की सीमाओं को देखते हुए डब्ल्यूबीएम सड़क बनाने और क्षेत्र में सुविधाओं का विकास करने के निर्देश दिए गए हैं।

जब उनसे पूछा गया कि शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज कार्यक्रम में असंतुष्ट नजर आए, तो उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को लगता है कि उसे जितना मिल रहा है, उससे अधिक मिलना चाहिए। यह स्वाभाविक बात है।

शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज बोले- फूल-माला से नहीं, उनके सपनों को पूरा करके करें सम्मान

कार्यक्रम में सबसे अहम प्रतिक्रिया शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेन्द्र दीवान की रही। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सरकार किस नजरिए से देखती है, उसी के अनुसार तस्वीर दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज के 14 आंदोलनों का इतिहास रहा है और उन आंदोलनों से जुड़े शहीदों के वंशजों से उनका परिचय है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन बिरसा मुंडा को पूरा देश धरती आबा और धरती का भगवान मानकर याद करता है, उनके वंशज आज भी सीमित संसाधनों के बीच जीवन बिता रहे हैं। उनके मुताबिक बिरसा मुंडा के वंशजों के पास महज दो एकड़ जमीन है और तीन परिवार हैं।

राजेन्द्र दीवान ने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल फूल-माला पहनाकर या कार्यक्रम आयोजित करके पूरा नहीं हो सकता। जिन आदर्शों और सपनों के लिए हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया, सरकार को उन सपनों को साकार करने की दिशा में काम करना चाहिए।

उन्होंने सवाल किया कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी यदि शहीदों के वंशज और आदिवासी समाज बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तो आखिर किस बात का गौरव मनाया जा रहा है?

दीवान ने यह भी स्पष्ट किया कि वे आदिवासी गौरव दिवस के आयोजन के विरोध में नहीं थे। उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था और वे समाज के गौरव के कारण शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन अपनी समस्याएं और पीड़ा रखने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिलने से वे असंतुष्ट थे।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शहीदों के वंशजों का परिचय नहीं कराने का भी उठाया मुद्दा

राजेन्द्र दीवान ने प्रधानमंत्री के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान आयोजित कार्यक्रम का अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें पांच दिन पहले ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुला लिया गया था। इस दौरान कार्यक्रम की तैयारियों और बैठने की व्यवस्था को लेकर कई बार अभ्यास भी कराया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शहीदों के वंशजों का परिचय प्रधानमंत्री से नहीं कराया गया। उनका कहना था कि जिन शहीदों के नाम पर इतना बड़ा आयोजन किया जा रहा है, उनके वंशजों को प्रधानमंत्री से मिलवाकर उनके दुख-दर्द और समस्याओं के बारे में भी जानकारी दिलाई जानी चाहिए थी।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से उनकी मुलाकात हुई थी और फोटो सेशन में भी वे शामिल थे। उनकी नाराजगी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शहीदों के वंशजों का उचित परिचय नहीं कराए जाने और उनकी बात सामने नहीं रखे जाने को लेकर थी।

सम्मान के आयोजन के साथ धरातल पर विकास की चुनौती

बलौदाबाजार में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस ने एक बार फिर यह सवाल सामने ला दिया है कि आदिवासी महापुरुषों के इतिहास और बलिदान को याद करने के साथ उनके समाज की वर्तमान चुनौतियों पर कितनी गंभीरता से काम हो रहा है। एक तरफ शासन की ओर से विकास योजनाओं और सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए जाने की बात कही जा रही है, तो दूसरी तरफ समाज के प्रतिनिधि आज भी बिजली, सड़क, शिक्षा और शहीदों के वंशजों के सम्मान जैसे मुद्दे उठा रहे हैं।

अब देखना होगा कि कार्यक्रम में दिए गए निर्देशों का कितना असर कसडोल क्षेत्र के 21 गांवों में दिखाई देता है और आदिवासी समाज की ओर से उठाए गए सवालों का समाधान कब तक हो पाता है। क्योंकि आदिवासी गौरव का वास्तविक सम्मान सिर्फ आयोजनों से नहीं, बल्कि समाज के जीवन में बदलाव और उसके अधिकारों को जमीन पर सुनिश्चित करने से होगा।

Exclusive सवाल और जवाब पढ़िए

पत्रकार: “सर, कैसा कार्यक्रम रहा, समाज के लोग असंतुष्ट भी नजर आए?”

भूपेंद्र सिंह ध्रुववंशी, जिलाध्यक्ष बोले: मैं समस्त छत्तीसगढ़ वासियों को सेवा जोहार करता हूँ कि आज हमारे बलौदा बाजार जिला इंडोर स्टेडियम में शासन-प्रशासन के द्वारा आदिवासी गौरव दिवस का आयोजन रखा गया था। जिसमें हमारे आदिवासी समाज को गौरव की आवश्यकता नहीं, हमने बताया कि जिस प्रकार से कसडोल की अभी स्थिति मूलभूत सुविधाओं से वंचित हमारे आदिवासी परिवार, गाँव, 21 गाँव अभी तक वंचित हैं। हमने बताया कि हमारे जो एकलव्य विद्यालय… शिक्षा की, एकलव्य विद्यालय जिस प्रकार से पूरे भारत देश में हमारे मोदी जी के द्वारा आदिवासियों के बच्चों के विकास के लिए, शिक्षा के विकास के लिए जो कदम उठाए हैं, मैं तो मोदी जी को धन्यवाद देता हूँ इनके लिए। लेकिन जिस प्रकार से यहाँ तक धरातल तक का अमल नहीं करना, ये किनकी जिम्मेदारी बनती है? ये मैं प्रशासन से मैं पूछा भी और पूछता हूँ। कि हमारे समाज में, जिस प्रकार से हमारे बिरसा मुंडा, जो धरती आबा के नाम से पूरा विश्वविख्यात हैं, हमारे भारत देश में एक क्रांतिकारियों के नाम से जाना जाता है, और क्रांतिकारियों का इतिहास, हमारा आदिवासी का इतिहास है।

हमारे धरती आबा जो बिरसा मुंडा हैं, न्यूनतम वर्ष में, 19 साल से लेके 25 साल के न्यूनतम वर्ष में, डॉक्टर जैसे जड़ी-बूटी से इलाज कर लोगों की सेवा करते थे, और सेवा करते-करते क्रांतिकारी करके अपने सर्वस्व न्यौछावर कर दिए। इनकी याद में जिस प्रकार से हमारे गौरव दिवस मनाया जा रहा है, उसको मैं कहता हूँ कि हमको वनवासी ना बोला जाए, हमको आदिवासी बोला जाए और आदिवासी गौरव दिवस मनाया जाए। -भूपेंद्र सिंह ध्रुववंशी, जिलाध्यक्ष, सर्व आदिवासी समाज, बलौदाबाजार

पत्रकार का शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज से सवाल: क्या बात रही… वीर नारायण सिंह जी के… शहीद वीर नारायण सिंह जी के वंशज हैं आप, और बड़ा असंतुष्टि ज़ाहिर की है? हालाँकि बृजमोहन जी ने बोला कि ऐसा कुछ भी बात नहीं है।

शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेन्द्र दीवान बोले: “हाँ, अब जिस कलर का चश्मा लगाएँगे, पूरी दुनिया तो वही दिखेगा। जनजाति गौरव दिवस जो सरकार द्वारा मनाया जा रहा है हमारे छत्तीसगढ़ में। छत्तीसगढ़ में जो 14 आंदोलन का मैं ज़िक्र कर रहा था, हर आंदोलन के उनके वंशजों से मेरा परिचय है। सब को जानता हूँ, बिरसा मुंडा जी के वंशजों को भी जानता हूँ। बिरसा मुंडा जी धरती आबा हैं, जिनकी कार्यक्रम आज चल रही है। उनके वंशज आज तीन जने हैं… वो धरती आबा हैं, धरती के भगवान थे, मानते हैं। उनके पास महज़ दो एकड़ ज़मीन है और तीन परिवार हैं वो।

राष्ट्रपति आई थीं। भाई, सम्मान करना है तो केवल फूल-माला से ही सम्मान ना करें। उनका जो… वो जिस चीज़ की लड़ाई लड़े, उनके मन में जो कल्पना थी, उसको साकार करें सरकार। आज 80 साल बाद, आज़ादी के 80 साल में इतने सारी सरकारें आईं और गईं, किसी ने किसी को भी ज़रूरत नहीं पड़ा। और आज गौरव दिवस मना रहे हैं, किस चीज़ पे हम गर्व करें? हमारे पूर्वजों ने जो अपना त्याग, बलिदान, समर्पण किया, इसके नक्शे कदम पे आज क्या हमारी सरकारें चल रही हैं?

असंतोष तो… नहीं हुआ, संतोष होता तो नहीं आता। हमारे आदिवासी समाज का गौरव है, तो मैं बिल्कुल शामिल होने आया। मेरे को निमंत्रण दिया गया और निमंत्रण देने के बाद अपना दुख बोलने के लिए समय नहीं दिए, इसके लिए… इसीलिए मैं थोड़ा सा डिस्टर्ब था।

राष्ट्रपति महोदय आईं थीं, आपका सम्मान… आपको जो बुलाया गया था, पाँच दिन पहले… वो बुला… कैसे नहीं, मैं गया था, मैं अंदर तक गया था। मैं द्रौपदी मुर्मू जी से बात भी किया हूँ, और फ़ोटो सेशन में था, मेरा कोई इशू नहीं है इसमें। बाक़ी जितने हमारे छत्तीसगढ़ से शहीदों के वंशजों को बुला के… वो अंदर तक बेचारे नहीं जा सके।

प्रधानमंत्री वाले कार्यक्रम में भी मुलाक़ात नहीं हुई, परिचय भी नहीं कराया गया। क्या जानकारी है? जी हाँ, परिचय नहीं कराया गया। पाँच दिन पहले से मेरे को ले जा करके ट्रिपल आईटी में रखा गया था। मान के चलिए एक कस्टडी में रखे थे मेरे को। और कई बार ट्रायल होता था कि प्रधानमंत्री जी आएँगे तो हम लोग कहाँ-कहाँ बैठेंगे, किधर से किधर जाना है, क्या कहना है संभावित… ये सब ट्रायल होते रहा। जब प्रधानमंत्री जी आए, तो हमारे मुख्यमंत्री जी कम से कम 20 फ़ीट पीछे रहे। और प्रधानमंत्री जी हमारे से मिल के जाने के बाद वो गए। मतलब परिचय हम लोगों का नहीं कराया गया। जिनके नाम से इतना बड़ा कार्यक्रम वहाँ पे किया जा रहा है, उनके वंशजों को जब वहाँ पाँच दिन पहले से ले के बुला के रखा गया, तो कम से कम परिचय कराते तो हमारे प्रधानमंत्री जी हमारे… दुख-सुख के बारे में कम से कम पूछते।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल क्या बोले?  

बृजमोहन अग्रवाल बोले- शहीद बिरसा मुंडा जी की जयंती के अवसर पर, 150वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार ने पूरे देश में जनजाति गौरव दिवस के रूप में इसको मनाने का निर्णय लिया है और उसी के तहत कल धर्मजयगढ़ में, रायगढ़ में बहुत बड़ा कार्यक्रम हुआ और आज पूरे जिलों में 18 तारीख तक जनजाति गौरव दिवस मनाया जा रहा है। और इसके माध्यम से जनजातियों के लिए जो काम किया जा रहा है और जनजाति शहीद, जिन्होंने मुगलों से लड़ाई लड़ी, जिन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी और भारत की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान है, उनको सबको याद करके नमन किया जा रहा है। और उसी के तहत आज बलौदा बाजार में जनजाति गौरव दिवस मनाया गया।

सवाल: क्या कुछ घोषणाएं हुई?

घोषणाएं जो 21 गाँव के लोग बिजली की मांग कर रहे हैं, तो ऐसी जानकारी मिली कि वहाँ पर जो उनकी बैटरी स्टोरेज है, वह खराब हो गई है। उन सब बैटरी स्टोरेज को बदलने के लिए और जो बाकी सात गाँव जहाँ पर अभी भी फॉरेस्ट कंजर्वेशन एक्ट के कारण बिजली नहीं पहुँची है, वहाँ पर भी सोलर के माध्यम से बिजली देने के लिए निर्देश दिया है। सड़कें की भी समस्या है वहाँ पर। वहाँ पर सड़कों की भी समस्या है, तो वहाँ पर डब्ल्यूबीएम रोड, क्योंकि जंगल में बाकी दूसरी रोड नहीं बन सकती, तो वहाँ पर डब्ल्यूबीएम रोड बनाकर और वहाँ की सुविधाएँ विकसित करें, इस बात के निर्देश दिए हैं।

सवाल: शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज काफी रुष्ट नज़र आए इसमें?

बृजमोहन अग्रवाल: देखिए, ये स्वाभाविक है, कोई रुष्ट नहीं है। सबको लगता है कि जितना मिल रहा है उससे ज़्यादा मिलना चाहिए, तो ये स्वाभाविक बात है।


आपके पास भी कोई जानकारी या शिकायत है?

संपर्क करें: chhattisgarhtalk@gmail.com | 9111755172


व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े- Join Now

  • विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 9111755172

-टीम छत्तीसगढ़ टॉक न्यूज़ (Chhattisgarh Talk News)

छत्तीसगढ़ टॉक की रिपोर्टिंग फिर सच, ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का खुलासा, करोड़ों का ट्रांजेक्शन, आरोपी हाईटेक

महिला प्रधानपाठिका निलंबित: Chhattisgarh Talk की खबर का असर

छत्तीसगढ़ टॉक डॉट कॉम की खबर का असर: Indian Oil ने पीड़ित को दिया 20 लाख रुपय का चेक, Chhattisgarh Talk को किया धन्यवाद, जानिए मामला

छत्तीसगढ़ टॉक की खबर का बड़ा असर: कलेक्टर ने बनाई जांच समिति, जल संकट से जूझते ग्रामीणों की आवाज बनी छत्तीसगढ़ टॉक!

Chhattisgarh Talk की खबर का असर: तहसीलदार कुणाल सेवईया निलंबित, किसान आत्महत्या प्रयास मामले में बड़ा एक्शन!

छापा और जांच के नाम पर अवैध वसूली?? खाद्य सुरक्षा की उड़नदस्ता टीम की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल, chhattisgarhtalk.com ने किया ये पड़ताल, -Investigation Exclusive Story

ट्रैफिक पुलिस बनी वसूली एजेंसी: टोकन दिखाओ, चालान से बचो! जानिए इस गुप्त वसूली खेल की सच्चाई!

Exclusive News: टोकन सिस्टम अवैध वसूली की खबर के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप! एक्शन में बलौदाबाजार कप्तान (SP), लेकिन क्या बच निकलेंगे बड़े खिलाड़ी?


आप किस जेनरेशन का हिस्सा हैं? जानिए हर पीढ़ी की विशेषताएँ और योगदान

छत्तीसगढ़ टॉक की खबर का बड़ा असर: कलेक्टर ने बनाई जांच समिति, जल संकट से जूझते ग्रामीणों की आवाज बनी छत्तीसगढ़ टॉक!

UltraTech Cement, Rawan ki or se aap sabhi ko Deepawali ki hardik shubhkaamnayen.
UltraTech Cement, Rawan ki or se aap sabhi ko Deepawali ki hardik shubhkaamnayen.
error: Content is protected !!