मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारी तेज, लेकिन सुहेला पहुंचने वाली सड़क बदहाल! 19 नवंबर को CM का प्रस्तावित दौरा, धूल और गड्ढों के बीच सफर करने को मजबूर ग्रामीण
Chhattisgarhtalk.com की ग्राउंड रिपोर्ट में पहले ही सामने आ चुकी है बलौदाबाजार-सुहेला-सिमगा मार्ग की दुर्दशा, अब दुर्गा मैदान में मंच, पंडाल, हेलीपेड और पार्किंग की तैयारी पर प्रशासन का जोर; ग्रामीणों का सवाल- सड़क कब बनेगी?
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 19 नवंबर को सुहेला आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री यहां शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ करने के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को सुहेला पहुंचकर अधिकारियों की बैठक ली और कार्यक्रम स्थल दुर्गा मैदान में मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, हेलीपेड और विभागीय स्टॉल की तैयारियों का जायजा लिया। लेकिन इस पूरे आयोजन के बीच एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो रहा है। जिस सुहेला में मुख्यमंत्री का स्वागत करने की तैयारी है, वहां तक पहुंचने वाला बलौदाबाजार-सुहेला-सिमगा मार्ग खुद बदहाली से जूझ रहा है। इस सड़क की खराब हालत को लेकर chhattisgarhtalk.com पहले ही ग्राउंड रिपोर्ट कर चुका है। ग्रामीणों ने सड़क पर धूल, कीचड़, जाम और भारी वाहनों की आवाजाही से होने वाली परेशानियां सामने रखी थीं। अब मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले सवाल उठ रहा है कि क्या प्रशासन का ध्यान इस बदहाल सड़क की ओर भी जाएगा?
दुर्गा मैदान में मंच से लेकर हेलीपेड तक की तैयारी
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का 19 नवंबर 2026 को सुहेला आगमन प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ और विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाना है। तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने दुर्गा मैदान में अधिकारियों की बैठक लेकर अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी। कलेक्टर ने मुख्य मंच निर्माण, पंडाल, अतिथियों की बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, वाहन पार्किंग, साउंड सिस्टम और विभागीय स्टॉल की तैयारियों की समीक्षा की। इसके साथ ही लोकार्पण और भूमिपूजन स्थलों तथा हितग्राहियों को सामग्री वितरण की व्यवस्था के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपेड की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा और बैरिकेडिंग की व्यवस्था देखी। अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए पेयजल सहित जरूरी सुविधाएं पर्याप्त रहें। छोटी-छोटी कमियों को भी समय रहते दूर किया जाए। बैठक में एसपी गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, एसडीएम अतुल शेट्टे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले सड़क की बदहाली फिर चर्चा में
एक तरफ प्रशासन मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मंच, पंडाल, हेलीपेड और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा है, वहीं दूसरी तरफ सुहेला तक पहुंचने वाले मार्ग की हालत स्थानीय लोगों के लिए रोजाना परेशानी का कारण बनी हुई है। बलौदाबाजार-सुहेला-सिमगा मार्ग पर सड़क की खराब स्थिति को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।
Chhattisgarhtalk.com पूर्व ग्राउंड रिपोर्ट में इस मार्ग पर बारिश के दौरान कीचड़ और उसके बाद उड़ती धूल की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि सड़क के करीब कई किलोमीटर हिस्से में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण की प्रक्रिया टेंडर तक पहुंचने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए सबसे बड़ा सवाल यही था कि वास्तविक निर्माण कार्य कब शुरू होगा और सड़क कब तैयार होगी।
राहगीरों की परेशानी: धूल, जाम और भारी वाहनों का दबाव
ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान भाटागांव से खमरिया की ओर जाने वाले एक राहगीर ने बताया था कि इस मार्ग पर रोजाना काफी परेशानी होती है। ट्रैफिक का दबाव अधिक है और सड़क की हालत खराब होने के कारण कई बार ट्रक एक के पीछे एक खड़े हो जाते हैं। इसका असर बच्चों, कामकाजी लोगों और रोजाना आवागमन करने वाले ग्रामीणों पर पड़ता है। गोकुलधाम क्षेत्र से आने वाले एक राहगीर ने सड़क की खराब स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा था कि करीब 3 से 4 किलोमीटर तक सड़क की हालत खराब है। निर्माण की प्रशासनिक प्रक्रिया के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है, लेकिन लोगों का सीधा सवाल है कि सड़क आखिर कब बनेगी?
एक अन्य राहगीर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि जनता लंबे समय से परेशानी उठा रही है, लेकिन सड़क की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उनके बयान में क्षेत्र के विधायक एवं मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति भी नाराजगी दिखाई दी थी।
इन बयानों से स्पष्ट है कि सड़क की समस्या केवल आवागमन तक सीमित नहीं है। धूल, जाम और खराब सड़क के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और भारी वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है।
टेंडर की प्रक्रिया से आगे कब बढ़ेगा सड़क निर्माण?
अभी भी वर्तमान में सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों की सबसे बड़ी शिकायत यही है कि प्रक्रिया की चर्चा तो होती है, लेकिन जमीन पर उन्हें राहत दिखाई नहीं दे रही। यदि निर्माण के लिए टेंडर स्वीकृत हो चुका है, तो उसके बाद कार्यादेश कब जारी हुआ? ठेकेदार को काम कब सौंपा गया? निर्माण की समय-सीमा क्या निर्धारित है? काम शुरू नहीं हुआ तो इसकी वजह क्या है? इन सवालों का जवाब संबंधित विभाग को सार्वजनिक करना चाहिए।
मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा प्रशासन के लिए केवल एक कार्यक्रम की तैयारी नहीं, बल्कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को सामने रखने का अवसर भी है। सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ निश्चित रूप से क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। लेकिन शिक्षा संस्थान तक पहुंचने वाली सड़क और आसपास की बुनियादी सुविधाएं भी उतनी ही जरूरी हैं।
स्वागत की तैयारी के साथ जनता की परेशानी पर भी ध्यान दे प्रशासन
मुख्यमंत्री के दौरे के लिए जिला प्रशासन की तैयारियां तेज हैं। सुरक्षा, मंच, हेलीपेड, पार्किंग और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं पर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि इसी गंभीरता से बलौदाबाजार-सुहेला-सिमगा मार्ग की बदहाली पर भी ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले यदि सड़क की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर निर्माण की स्थिति, बजट, टेंडर, कार्यादेश और काम शुरू होने की समय-सीमा स्पष्ट कर दी जाए तो यह क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत होगी। लोगों को केवल कार्यक्रम के दिन बेहतर व्यवस्था नहीं, बल्कि रोजाना आने-जाने के लिए सुरक्षित और अच्छी सड़क चाहिए।
मुख्यमंत्री के स्वागत में सुहेला सजाने की तैयारी हो रही है, लेकिन क्या सुहेला तक पहुंचने वाली बदहाल सड़क भी प्रशासन की प्राथमिकता बनेगी? ग्रामीणों का सवाल अब भी वही है- सड़क कब बनेगी?
……………………………………………………………………
आपके पास भी कोई जानकारी या शिकायत है? संपर्क करें:
chhattisgarhtalk@gmail.com 9111755172, व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े-Now Join
……………………………………………………………………
समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 9111755172,9691693646
– टीम छत्तीसगढ़ टॉक न्यूज़ (Chhattisgarh Talk News)































