विद्युत विभाग की रजत जयंती पर उपभोक्ताओं को दी गई जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
केशव साहू बलौदा बाजार । छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के संभाग कसडोल द्वारा विभाग की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘रजत जयंती समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। विद्युत विभाग परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को विभाग की विकास यात्रा और शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना था।
योजनाओं के प्रति जागरूकता और सम्मान
समारोह में भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित विभिन्न विद्युत योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर विभाग ने विभिन्न श्रेणियों के उत्कृष्ट उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया। अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं को विशेष रूप से सौर पैनल (Solar Panel) स्थापना की प्रक्रिया, उससे होने वाली बिजली बिल की बचत और दीर्घकालिक लाभों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
अतिथियों ने की सौर ऊर्जा अपनाने की अपील
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री सनम जांगड़े और नगर पंचायत अध्यक्ष सहित भारतीय जनता पार्टी के प्राधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहें । मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक सौर पैनल स्थापित कर बिजली बिल में कटौती करें और शासन की योजनाओं का लाभ उठाने की बात कहीं है।
इन अधिकारियों के नेतृत्व में हुआ सफल आयोजन
कार्यक्रम का सफल संचालन अधीक्षण अभियंता(बलौदाबाजार) श्री जी.पी. अनंत, कार्यपालन अभियंता (कसडोल) श्री बी.के. वर्मा और सहायक अभियंता श्री विनय बाघ के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान सहायक अभियंता श्री के.व्ही. कोशले और कनिष्ठ अभियंता श्री अजय कुमार चौधरी सहित विभाग के अन्य कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व उपभोक्ता उपस्थित रहे।























