चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने बढ़ाई किसानों की चिंता, खेतों में कटी फसल बचाने की जद्दोजहद
बेमौसम बारिश से खेतों में खड़ी और कटी फसल पर मंडराया खतरा, समर्थन मूल्य पर धान बेचने को लेकर भी किसानों की बढ़ी परेशानी
रामकुमार भारद्वाज कोंडागांव :- चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से जिले में बदले मौसम और बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी फसल के साथ-साथ कटाई के बाद खेतों में रखी फसल को सुरक्षित बचाना किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। अचानक हुई बारिश से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आने लगी हैं।
किसानों के सामने सबसे बड़ी परेशानी खेतों में कटकर रखी फसल को सुरक्षित रखने की है। कई किसान बारिश की आशंका को देखते हुए खेतों में रखी कटी फसल को जल्द से जल्द समेटने में जुटे हुए हैं। किसानों का कहना है कि यदि कटी हुई फसल बारिश के पानी में भीग गई तो धान में नमी आ जाएगी। इससे फसल के अंकुरित होने और सड़ने का खतरा बना रहेगा, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
किसानों ने बताया कि किसी तरह मेहनत करके फसल तैयार की है और अब उसे सुरक्षित घर तक पहुंचाने की चिंता सता रही है। वहीं सबसे बड़ी चिंता समर्थन मूल्य पर धान बेचने को लेकर है। किसानों का कहना है कि यदि फसल को बारिश से बचा भी लिया गया, तो अधिक नमी के कारण खरीदी केंद्रों में धान बेचने में परेशानी हो सकती है। शासन के निर्धारित गुणवत्ता और नमी संबंधी मापदंडों के चलते गीले धान की खरीदी नहीं होने की आशंका उन्हें परेशान कर रही है।
किसानों के माथे में चिंता
ऐसे में किसानों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि लगातार बदलते मौसम और बारिश के बीच वे अपनी फसल को सुखाएं कहां और सुरक्षित कैसे रखें। एक ओर पूरे साल की मेहनत से तैयार फसल को बचाने की चुनौती है, तो दूसरी ओर समर्थन मूल्य पर धान बेचने की चिंता किसानों को परेशान कर रही है। अब किसान मौसम साफ होने और बारिश से राहत मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।































