नाले में दिखा घड़ियाल, गांव में मचा हड़कंप: वन विभाग अलर्ट, लोगों से नाले से दूर रहने की अपील
बलौदाबाजार के पहंदा गांव में खोरसी नाला में दिखा घड़ियाल, फोटो वायरल होने के बाद पहुंची वन विभाग की टीम
बलौदाबाजार । ग्राम पहंदा में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने खोरसी नाला में एक घड़ियाल दिखाई देने का दावा किया। ग्रामीणों ने दूर से उसकी तस्वीरें खींचीं, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। तस्वीरें सामने आने के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया और लोगों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही बलौदाबाजार वन परिक्षेत्र की रेंजर एकता कर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम गांव पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और खोरसी नाला के आसपास का निरीक्षण किया। हालांकि तेज बहाव के कारण घड़ियाल दोबारा दिखाई नहीं दिया, लेकिन विभाग ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।
नाले से दूर रहने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से फिलहाल खोरसी नाला के आसपास नहीं जाने की अपील की है। खासकर बच्चों और मवेशियों को नाले के किनारे नहीं ले जाने की सलाह दी गई है। रेंजर एकता कर ने गांव के सरपंच को मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि सभी ग्रामीणों तक यह सूचना पहुंच सके कि जब तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक कोई भी व्यक्ति नाले में नहाने या पानी लेने के लिए न जाए।
फोटो वायरल होने के बाद हरकत में आया विभाग
ग्रामीणों द्वारा खींची गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा का विषय बन गया। तस्वीरों में नाले के पानी में घड़ियाल जैसा जीव दिखाई देने का दावा किया गया है। इसी के बाद वन विभाग ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर निरीक्षण शुरू किया। अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र का भी मुआयना किया ताकि यह पता लगाया जा सके कि घड़ियाल अभी भी उसी क्षेत्र में मौजूद है या आगे निकल गया है।
तेज बहाव में बहकर आने की आशंका
रेंजर एकता कर ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर संभावना है कि घड़ियाल तेज पानी के बहाव के साथ किसी दूसरे जल स्रोत से यहां तक पहुंच गया हो। उन्होंने कहा कि अभी नाले में पानी का बहाव काफी तेज है, जिससे तलाश अभियान में दिक्कत आ रही है। वन विभाग का मानना है कि यह भी संभव है कि घड़ियाल बहाव के साथ आगे निकल गया हो। इसके बावजूद किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा रहा है।
आसपास के गांवों को भी किया जा रहा सतर्क
वन विभाग ने सिर्फ पहंदा ही नहीं, बल्कि खोरसी नाला के किनारे बसे अन्य गांवों में भी मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों से कहा गया है कि यदि किसी को दोबारा घड़ियाल दिखाई देता है तो वह उसके पास जाने की कोशिश न करे और तुरंत वन विभाग को सूचना दे।
छत्तीसगढ टांक से क्या बोलीं रेंजर?
बलौदाबाजार रेंजर एकता कर ने छत्तीसगढ टांक से बातचीत में कहा,
> “ग्राम पहंदा में ग्रामीणों द्वारा खोरसी नाला में घड़ियाल दिखाई देने की सूचना मिली थी। हमारी टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। फिलहाल पानी का बहाव काफी तेज है, इसलिए घड़ियाल दिखाई नहीं दे रहा है। हमने ग्रामीणों को नाले में नहाने और उसके किनारे जाने से मना किया है। सरपंच के माध्यम से मुनादी भी कराई जा रही है। संभावना है कि घड़ियाल बहाव के साथ कहीं और चला गया हो, लेकिन हमारी टीम लगातार निगरानी कर रही है।”
ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। कई ग्रामीणों ने बच्चों को अकेले नाले की ओर भेजना बंद कर दिया है। मवेशियों को भी फिलहाल दूसरी जगह पानी पिलाया जा रहा है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बेहद जरूरी है। विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और जैसे ही कोई नई जानकारी मिलेगी, ग्रामीणों को तत्काल सूचित किया जाएगा।






















