मजदूर पिता ने प्लांट में मजदूरी कर बेटे को पढ़ाया, बेटा IIMC दिल्ली पहुंचा; अब ₹2.32 लाख की छात्रवृत्ति पिता को करेगा समर्पित
मेहनत और लगन से मजदूर पिता का बेटा IIMC दिल्ली पहुंचा, UP सरकार में नौकरी; ₹2.32 लाख पिता को करेगा समर्पित
Chandrakant verma ki Exclusive Story: गांव के स्कूल से गुरु घासीदास विश्वविद्यालय और फिर देश के प्रतिष्ठित IIMC दिल्ली तक पहुंचा टिकेश्वर यादव का सफर, आज उत्तर प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग में दे रहे सेवाएं; NSP से मिली छात्रवृत्ति को पिता के संघर्ष का सम्मान मानकर उन्हें सौंपने का लिया फैसला।
एक पिता ने बेटे के भविष्य के लिए गांव छोड़ा, किराये के मकान में रहा, प्लांट में मजदूरी की और अपनी जरूरतों को पीछे रखकर उसकी पढ़ाई जारी रखी। पिता की मेहनत का नतीजा यह हुआ कि जिस बेटे की शिक्षा गांव के एक स्कूल से शुरू हुई थी, वह देश की राजधानी दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) तक पहुंचा। वहां से मीडिया की पढ़ाई पूरी की और आज उत्तर प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग में अपनी सेवाएं दे रहा है। यह कहानी बलौदाबाजार जिले के मिशन परसाभादर गांव के रहने वाले टिकेश्वर यादव की है। टिकेश्वर की उपलब्धियों में एक और खास अध्याय जुड़ा है। उन्हें नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से 2 लाख 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिली है। लेकिन इस राशि को लेकर उनका फैसला और भी खास है। टिकेश्वर इस पूरी छात्रवृत्ति को अपने पिता को देना चाहते हैं। उनका मानना है कि आज उनकी शिक्षा, पहचान और सफलता के पीछे पिता की वह मेहनत है, जिसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। जिस पिता ने मजदूरी करके बेटे को पढ़ाया, आज बेटा अपनी सफलता की कमाई और सम्मान का हिस्सा उसी पिता को लौटाना चाहता है।
गांव के स्कूल से शुरू हुई पढ़ाई, बेहतर शिक्षा के लिए पिता ने छोड़ा गांव
टिकेश्वर यादव की शिक्षा की शुरुआत मिशन परसाभादर गांव से हुई। उन्होंने कक्षा पहली से पांचवीं तक की पढ़ाई गांव के स्कूल में पूरी की। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य नहीं थी। पिता मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। ऐसे में बेटे को आगे पढ़ाना आसान नहीं था, लेकिन पिता ने आर्थिक परेशानियों को उसके भविष्य के आड़े नहीं आने दिया।
जब आगे की पढ़ाई के लिए बेहतर व्यवस्था की जरूरत पड़ी तो पिता गांव छोड़कर रवान में किराये के मकान में रहने लगे। यहां उन्होंने प्लांट में मजदूरी की और अपनी मेहनत की कमाई से बेटे की शिक्षा का खर्च उठाया। टिकेश्वर ने रावण में रहकर कक्षा छठवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई पूरी की।
यह सिर्फ एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने की कहानी नहीं थी, बल्कि एक मजदूर पिता के उस फैसले की कहानी थी, जिसमें उन्होंने अपनी सुविधा से ज्यादा बेटे के भविष्य को महत्व दिया। पिता दिनभर काम करते थे और उसी कमाई से बेटे की पढ़ाई, रहने और दूसरी जरूरतों का इंतजाम करते थे।
Chhattisgarhtalk.com Executive Interview
सवाल: टिकेश्वर, आपकी कहानी की शुरुआत एक ऐसे परिवार से होती है जहां पिता मजदूरी करके परिवार चलाते थे। गांव के स्कूल से पढ़ाई शुरू हुई और आज आप IIMC दिल्ली जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से पढ़कर उत्तर प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग में काम कर रहे हैं। जब पीछे मुड़कर देखते हैं तो सबसे पहले किसका चेहरा याद आता है और क्यों?
टिकेश्वर यादव जवाब: जब भी मैं अपने जीवन के सफर को पीछे मुड़कर देखता हूं तो सबसे पहले मेरे पिता का चेहरा सामने आता है। क्योंकि आज मैं जिस मुकाम पर हूं, वहां तक पहुंचने में सबसे बड़ा योगदान मेरे पिता का है। उन्होंने अपनी जिंदगी में बहुत संघर्ष किया। मजदूरी करके परिवार चलाया, लेकिन मेरी पढ़ाई में कभी रुकावट नहीं आने दी।
मैंने गांव के स्कूल से पढ़ाई शुरू की थी। उसके बाद रवान में रहकर पढ़ाई की, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय पहुंचा और फिर IIMC दिल्ली में पढ़ने का अवसर मिला। यह सब मेरे पिता के त्याग और मेहनत के बिना संभव नहीं था। इसलिए मेरी सफलता में सबसे बड़ा हिस्सा मेरे पिता का ही है।
सवाल 1. पिता ने पढ़ाई के लिए गांव छोड़ा: आपके पिता ने आपकी पढ़ाई के लिए गांव छोड़कर रवान में किराये के मकान में रहने का फैसला किया। उस समय परिवार की आर्थिक स्थिति कैसी थी?
टिकेश्वर:
हमारे परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी। मेरे पिता मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। गांव में पांचवीं तक पढ़ाई करने के बाद आगे की शिक्षा के लिए बेहतर व्यवस्था की जरूरत थी। ऐसे में मेरे पिता ने गांव छोड़कर रवान में किराये का मकान लिया। वहां रहकर उन्होंने प्लांट में मजदूरी की और मेरी पढ़ाई जारी रखी। उनके लिए यह आसान नहीं था, क्योंकि एक तरफ परिवार की जिम्मेदारी थी और दूसरी तरफ मेरी शिक्षा का खर्च। मेरे पिता ने अपनी सुविधाओं के बारे में ज्यादा नहीं सोचा। उन्होंने हमेशा यही कोशिश की कि मेरी पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में न रुके।
सवाल 2: पिता प्लांट में मजदूरी करते थे। क्या कभी ऐसा समय आया जब आर्थिक तंगी के कारण आपकी पढ़ाई रुकने की नौबत आई?
टिकेश्वर: आर्थिक परेशानियां तो हमारे जीवन का हिस्सा रही हैं। एक मजदूर परिवार में पढ़ाई के साथ घर की दूसरी जरूरतों को पूरा करना भी बड़ी चुनौती होती है। कई बार परिस्थितियां ऐसी होती हैं कि परिवार को बहुत सोच-समझकर खर्च करना पड़ता है। लेकिन मेरे पिता ने कभी मुझे यह महसूस नहीं होने दिया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मुझे पढ़ाई छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव प्रयास किया। मेरे लिए सबसे बड़ी बात यही रही कि जब भी मुश्किलें आईं, मेरे पिता ने हिम्मत नहीं हारी। उनके इसी विश्वास ने मुझे भी आगे बढ़ने की ताकत दी।
सवाल 3: बचपन की ऐसी कौन-सी घटना है, जब आपको पहली बार महसूस हुआ कि आपके पिता आपके भविष्य के लिए कितनी मेहनत कर रहे हैं?
टिकेश्वर: बचपन में शायद उतनी समझ नहीं थी कि पिता हमारे लिए कितना कुछ कर रहे हैं। लेकिन जैसे-जैसे उम्र बढ़ी और पढ़ाई के लिए बाहर रहना शुरू किया, वैसे-वैसे उनकी मेहनत का एहसास होने लगा। जब यह समझ आया कि मेरे पिता रोजी मजदूरी करते हैं, दिनभर मेहनत करते हैं और उसी कमाई से मेरा किराया, पढ़ाई और जरूरतें पूरी करते हैं, तब मुझे महसूस हुआ कि मेरे पीछे उनका कितना बड़ा त्याग है। आज जब मैं अपने जीवन में कुछ कर पाया हूं तो मुझे लगता है कि उनकी मेहनत को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
सवाल 4: गांव से निकलकर गुरु घासीदास विश्वविद्यालय और फिर IIMC दिल्ली तक पहुंचने का सफर कैसा रहा? IIMC में चयन कैसे हुआ?
टिकेश्वर: मेरी शुरुआती शिक्षा गांव के स्कूल में हुई। कक्षा पहली से पांचवीं तक मैंने गांव में पढ़ाई की और छठवीं से बारहवीं तक रवान में रहकर शिक्षा हासिल की। इसके बाद मैंने उच्च शिक्षा के लिए गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में आवेदन किया। वहां मेरा चयन हुआ और मैंने मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की। मीडिया और जनसंचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा थी। जब मुझे जानकारी मिली फिर इसी दिशा में मैंने भारतीय जनसंचार संस्थान यानी IIMC दिल्ली के लिए आवेदन किया। वहां चयन होने के बाद मुझे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान में पढ़ने का अवसर मिला। मेरे लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि थी, क्योंकि एक छोटे से गांव से निकलकर दिल्ली में पढ़ाई करना मेरे जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव था।
सवाल 5: आप दिल्ली पहुंचे तो क्या आर्थिक चुनौतियां सामने आईं? उस समय पढ़ाई और रहने का खर्च कैसे मैनेज किया?
टिकेश्वर: दिल्ली जैसे बड़े शहर में पढ़ाई करना अपने आप में एक अलग अनुभव होता है। वहां रहने, खाने और दूसरी जरूरतों के लिए खर्च भी होता है। मेरे जैसे सामान्य परिवार से आने वाले विद्यार्थी के लिए इन सब चीजों को मैनेज करना आसान नहीं होता। लेकिन मैंने हमेशा कोशिश की कि आर्थिक परिस्थितियां मेरी पढ़ाई के रास्ते में बाधा न बनें। परिवार का सहयोग और उपलब्ध शैक्षणिक सहायता मेरे लिए महत्वपूर्ण रही। मेरे मन में हमेशा यही बात रहती थी कि मेरे पिता ने इतनी मेहनत करके मुझे यहां तक पहुंचाया है, इसलिए मुझे अपनी पढ़ाई और भविष्य के प्रति पूरी जिम्मेदारी निभानी है।
सवाल 6: छोटे गांव से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान तक पहुंचने के बाद आपके जीवन और सोच में क्या बदलाव आया?
टिकेश्वर: IIMC पहुंचने के बाद मेरे सोचने और चीजों को समझने का नजरिया काफी व्यापक हुआ। अलग-अलग राज्यों से आए विद्यार्थियों के साथ पढ़ने और देश के अलग-अलग हिस्सों की सामाजिक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिला। मीडिया की पढ़ाई ने मुझे समाज, प्रशासन, संचार और जनहित से जुड़े मुद्दों को बेहतर तरीके से समझने में मदद की। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि मुझे एहसास हुआ कि अगर किसी विद्यार्थी को सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वह अपनी परिस्थितियों से आगे बढ़कर भी कुछ हासिल कर सकता है।
सवाल 7: आपको नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल यानी NSP के माध्यम से ढाई लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिली। यह किस योजना के तहत मिली और आवेदन से लेकर राशि मिलने तक का अनुभव कैसा रहा?
टिकेश्वर: नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से मुझे 2 लाख 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिली। मेरे लिए यह बहुत महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता रही है। हमारे देश में ऐसे बहुत से विद्यार्थी हैं जो प्रतिभाशाली हैं, पढ़ना चाहते हैं और आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक परिस्थितियां उनके सामने चुनौती बन जाती हैं। ऐसे में छात्रवृत्ति योजनाएं विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। NSP के माध्यम से मिलने वाली सहायता ने मुझे यह महसूस कराया कि अगर विद्यार्थियों को सही योजना की जानकारी हो और वे पात्रता के अनुसार आवेदन करें तो उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध हैं।
सवाल 8: छत्तीसगढ़ में विद्यार्थी CG Post Matric Scholarship Portal के माध्यम से भी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करते हैं। NSP के माध्यम से मिली इस सहायता ने आपकी उच्च शिक्षा में किस तरह मदद की?
टिकेश्वर: छत्तीसगढ़ में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी राज्य सरकार के पोर्टल पर आवेदन करते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर भी अलग-अलग छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित होती हैं। मेरा मानना है कि विद्यार्थियों को केवल एक छात्रवृत्ति व्यवस्था तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें अपनी शैक्षणिक योग्यता, पाठ्यक्रम और पात्रता के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार की सभी संबंधित योजनाओं की जानकारी रखनी चाहिए। NSP से मिली सहायता मेरे लिए महत्वपूर्ण रही। मैं चाहता हूं कि गांव और छोटे शहरों के विद्यार्थियों तक भी ऐसी योजनाओं की जानकारी पहुंचे, ताकि आर्थिक स्थिति किसी की शिक्षा में बाधा न बने।
सवाल 9: सबसे खास बात यह है कि आप छात्रवृत्ति की पूरी राशि अपने पिता को देना चाहते हैं। आखिर आपने यह फैसला क्यों लिया?
टिकेश्वर: इसका सबसे बड़ा कारण मेरे पिता का संघर्ष है। उन्होंने मेरी पढ़ाई के लिए अपनी जिंदगी में बहुत मेहनत की है। गांव से रावण आकर किराये के मकान में रहना, प्लांट में मजदूरी करना और उसी कमाई से मेरी शिक्षा का खर्च उठाना, यह सब उन्होंने मेरे भविष्य के लिए किया। आज अगर मुझे 2 लाख 32 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिली है तो मैं इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि से ज्यादा अपने पिता के संघर्ष का सम्मान मानता हूं।
मैं चाहता हूं कि यह पूरी राशि मेरे पिता को मिले। उन्होंने मेरे लिए जो किया है, उसके सामने यह राशि बहुत छोटी है। लेकिन मेरे लिए यह उन्हें धन्यवाद कहने और उनके त्याग के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक माध्यम है। मैं जो कुछ भी हूं, उनकी मेहनत और आशीर्वाद की वजह से हूं।
सवाल 10: IIMC से पढ़ाई पूरी करने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग तक पहुंचने का सफर कैसा रहा? वर्तमान में आपकी क्या जिम्मेदारी है?
IIMC से पढ़ाई पूरी करने के बाद मैंने अपने करियर को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयास किया और मुझे सही सही दिशा और मार्गदर्शन मिला तत्पश्चात मेरा प्लेसमेंट में चयन हुआ। मीडिया और जनसंचार के क्षेत्र में प्राप्त शिक्षा और अनुभव का उपयोग करते हुए मुझे उत्तर प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग में काम करने का अवसर मिला। आज मैं वहां अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा हूं। मेरे लिए यह गर्व की बात है कि जिस क्षेत्र में पढ़ाई करने का सपना देखा था, उसी क्षेत्र से जुड़े काम में आगे बढ़ने का अवसर मिला। मेरी कोशिश रहती है कि अपनी शिक्षा और अनुभव का बेहतर उपयोग करते हुए जिम्मेदारी से काम करूं।
सवाल 11: क्या कभी आपने सोचा था कि मजदूर परिवार से निकलकर एक दिन सरकारी जनसंपर्क विभाग में काम करेंगे?
जवाब: जब मैंने गांव के स्कूल से पढ़ाई शुरू की थी, उस समय शायद इतनी बड़ी मंजिल के बारे में नहीं सोचा था। लेकिन आगे पढ़ने और अपने जीवन में कुछ अच्छा करने की इच्छा हमेशा रही। मेरे पिता ने कभी मुझे छोटे सपने देखने के लिए नहीं कहा। उन्होंने हमेशा पढ़ाई को महत्व दिया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आज जब मैं अपने सफर को देखता हूं तो लगता है कि जिंदगी में परिस्थितियां चाहे जैसी हों, हमें अपने प्रयास जारी रखने चाहिए। मंजिल तक पहुंचने में समय लग सकता है, लेकिन मेहनत और परिवार का सहयोग बहुत बड़ी ताकत होता है।
सवाल 12: आज जब आप अपने पिता को अपनी सफलता के बारे में बताते हैं तो उनकी प्रतिक्रिया कैसी होती है?
टिकेश्वर: मेरे पिता के लिए मेरी सफलता से बड़ी खुशी शायद कुछ और नहीं हो सकती। उन्होंने मेरे लिए जो संघर्ष किया, उसका उद्देश्य यही था कि मैं अच्छी शिक्षा प्राप्त करूं और अपने पैरों पर खड़ा हो सकूं। मैं जब भी उनसे अपनी पढ़ाई और काम के बारे में बात करता हूं तो उनके चेहरे पर संतोष दिखाई देता है। मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी यही है कि आज मैं अपने पिता को यह विश्वास दिला पाया हूं कि उनकी मेहनत बेकार नहीं गई। मैं चाहता हूं कि आगे भी उन्हें गर्व महसूस कराने के लिए मेहनत करता रहूं।
आखिरी सवाल: टिकेश्वर उन युवाओं को क्या संदेश देना चाहेंगे, जो आर्थिक तंगी के कारण बड़े संस्थानों में पढ़ने का सपना छोड़ देते हैं?
टिकेश्वर: मैं ऐसे सभी विद्यार्थियों से कहना चाहूंगा कि आर्थिक परिस्थितियों को अपनी मंजिल के रास्ते की आखिरी दीवार न समझें। आज सरकार की ओर से कई तरह की छात्रवृत्ति योजनाएं उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को उनकी जानकारी रखनी चाहिए और अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन करना चाहिए। गांव या छोटे शहर में पैदा होना आपकी सीमा नहीं है। अगर आपके अंदर सीखने की इच्छा है, मेहनत करने का जज्बा है और परिवार का सहयोग है तो आप भी बड़े संस्थानों तक पहुंच सकते हैं। मैं यही कहना चाहूंगा कि अपने सपनों को कभी छोटा मत कीजिए और परिस्थितियों से हार मत मानिए।
GGU में चयन के बाद मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई
स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद टिकेश्वर ने उच्च शिक्षा की दिशा में कदम बढ़ाया। उन्होंने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (GGU) में प्रवेश के लिए आवेदन किया और चयन होने के बाद वहां मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की। मीडिया और जनसंचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की उनकी इच्छा ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली तक पहुंचाया। IIMC में चयन और वहां से पढ़ाई पूरी करना उनके शैक्षणिक सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। गांव के स्कूल से शुरू हुआ सफर अब राष्ट्रीय स्तर के मीडिया संस्थान तक पहुंच चुका था। यह उपलब्धि केवल टिकेश्वर की व्यक्तिगत मेहनत का परिणाम नहीं थी। इसके पीछे उस पिता का वर्षों का संघर्ष भी था, जिसने बेटे की पढ़ाई के लिए मजदूरी को अपनी जिम्मेदारी बना लिया था।
IIMC के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग में मिली जिम्मेदारी
IIMC से मीडिया की पढ़ाई पूरी करने के बाद टिकेश्वर ने अपने करियर की दिशा में आगे कदम बढ़ाया जहां उसका प्लेसमेंट हुआ। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग में कार्यरत हैं। एक मजदूर परिवार से निकलकर सरकारी जनसंपर्क व्यवस्था में जिम्मेदारी निभाने तक का उनका सफर गांव के उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद उच्च शिक्षा और बेहतर करियर का सपना देखते हैं।
टिकेश्वर की यह उपलब्धि बताती है कि शिक्षा के अवसरों का सही उपयोग और निरंतर मेहनत किसी भी विद्यार्थी को नई पहचान दिला सकती है। हालांकि इस सफर में परिवार का सहयोग और विशेषकर पिता का त्याग उनकी सफलता की सबसे मजबूत नींव रहा।
NSP से मिले 2.32 लाख रुपये, पूरी राशि पिता को देना चाहते हैं टिकेश्वर
टिकेश्वर यादव को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल यानी NSP के माध्यम से 2 लाख 32 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्राप्त हुई है। उच्च शिक्षा के लिए मिली इस आर्थिक सहायता को वह अपने जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक मानते हैं।
छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में विद्यार्थी राज्य सरकार के CG Post Matric Scholarship Portal के माध्यम से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करते हैं। राज्य की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति व्यवस्था में पात्रता, पाठ्यक्रम, निर्धारित शुल्क और योजना के नियमों के अनुसार सहायता दी जाती है। वहीं राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर केंद्र सरकार और विभिन्न विभागों की अलग-अलग योजनाएं उपलब्ध हैं, जिनके तहत पात्र विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
टिकेश्वर को मिली ढाई लाख रुपये की छात्रवृत्ति ने एक बार फिर उच्च शिक्षा में छात्रवृत्ति योजनाओं की भूमिका को चर्चा में ला दिया है। लेकिन इस खबर का सबसे भावुक पहलू यह है कि टिकेश्वर इस राशि को अपने ऊपर खर्च करने के बजाय अपने पिता को सौंपना चाहते हैं। उनका मानना है कि पिता ने जिस तरह अपनी मेहनत और मजदूरी की कमाई से उन्हें पढ़ाया, उसके सामने यह राशि बहुत छोटी है। वह अपनी इस उपलब्धि को पिता के संघर्ष के प्रति सम्मान के रूप में देखते हैं।
पिता के संघर्ष को नहीं भूले, सफलता का श्रेय परिवार को
आज टिकेश्वर यादव के पास अपनी शिक्षा, करियर और एक अलग पहचान है। लेकिन उनके लिए सफलता का मतलब सिर्फ नौकरी हासिल करना या प्रतिष्ठित संस्थान से डिग्री लेना नहीं है। उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि शायद यह है कि वह उस संघर्ष को नहीं भूले, जिसने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
एक तरफ पिता ने प्लांट में मजदूरी करके बेटे की शिक्षा का रास्ता बनाया, दूसरी तरफ बेटे ने मेहनत से उस सपने को पूरा किया। अब NSP से मिली छात्रवृत्ति की पूरी राशि पिता को समर्पित करने का उनका फैसला इस रिश्ते की गहराई को सामने लाता है।
टिकेश्वर यादव की कहानी उन अभिभावकों के संघर्ष को भी सामने लाती है, जो खुद सीमित साधनों में जीवन बिताते हैं, लेकिन बच्चों की शिक्षा के लिए कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते। साथ ही यह उन युवाओं के लिए संदेश है कि आर्थिक कठिनाइयां रास्ते में चुनौती जरूर बन सकती हैं, लेकिन सही दिशा, मेहनत और अवसरों का उपयोग कर आगे बढ़ा जा सकता है।
एक मजदूर पिता ने प्लांट में पसीना बहाकर बेटे के सपनों को सींचा। बेटे ने उन सपनों को पूरा कर दिखाया। अब जब बेटे को ₹2.32 लाख की छात्रवृत्ति मिली है, तो वह उसे अपने पिता को समर्पित करना चाहता है। यही इस कहानी की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
……………………………………………………………………
आपके पास भी कोई जानकारी या शिकायत है? संपर्क करें:
chhattisgarhtalk@gmail.com 9111755172, व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े-Now Join
……………………………………………………………………
समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 9111755172,9691693646
– टीम छत्तीसगढ़ टॉक न्यूज़ (Chhattisgarh Talk News)






























