जोंक नदी के तट पर पहली बार गूंजेंगे वैदिक मंत्र, दीपों से जगमगाएगा कटगी का घाट
29 नवंबर को होगा भव्य गंगा महाआरती का आयोजन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या विष्णुदेव साय सहित प्रदेश की कई विशिष्ट हस्तियां होंगी शामिल
केशव साहू (कटगी बलौदा बाजार)। छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर बहने वाली नदियां केवल जलधारा नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और जीवनदायिनी परंपरा की साक्षी हैं। इन्हीं नदियों को मां गंगा का स्वरूप मानकर पूजने की सनातन परंपरा को साकार करते हुए ग्राम कटगी में पहली बार जोंक नदी के पावन तट पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन होने जा रहा है। 29 नवंबर, रविवार को सायं 6 बजे से होने वाला यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अनुपम संगम बनेगा।
मां महामाया की पावन धरा कटगी में आयोजित इस महाआरती को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद, घंटियों की गूंज और दीपों की दिव्य आभा के बीच जोंक नदी का तट भक्ति के रंग में सराबोर होगा। साध्वी प्रज्ञा भारती जी एवं विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक विधि-विधान से महाआरती संपन्न होगी।
प्रदेश की विशिष्ट हस्तियों का रहेगा गरिमामय सान्निध्य
इस धार्मिक आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या विष्णुदेव साय जी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। साथ ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, भाजपा प्रदेश कोर कमेटी सदस्य शिवरतन शर्मा, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सनम जांगड़े, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टीकरिहा, भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू, भाजयुमो प्रदेश कार्यालय प्रभारी अंकित द्विवेदी, भाजपा किसान मोर्चा सोशल मीडिया के प्रदेश सहप्रभारी मिथिलेश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव, नगर पंचायत टुंड्रा अध्यक्ष छतराम साहू, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एम.एल. वर्मा, महिला मोर्चा की कोषाध्यक्ष खिलेश्वरी थवाईत, भाजपा मंडल कटगी अध्यक्ष अजीव जायसवाल, भाजपा मंडल टुंड्रा अध्यक्ष दुर्गेश साहू, जनपद पंचायत कसडोल के सभापति व्यास नारायण श्रीवास एवं राजा वर्मा तथा वरिष्ठ भाजपा नेता राजकुमार जायसवाल सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं अतिथि शामिल होंगे।

नदी संरक्षण और सनातन परंपरा का संदेश भी देगी महाआरती
महाआरती के आयोजक श्री सतीश शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति में नदियों को मां का दर्जा दिया गया है। हमारी आस्था में नदियां केवल पूजा का विषय नहीं, बल्कि जीवन, प्रकृति और सभ्यता की आधारशिला हैं। मां गंगा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ-साथ नदियों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेना भी समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि ग्राम कटगी में पहली बार आयोजित हो रही यह भव्य गंगा महाआरती धार्मिक चेतना के जागरण के साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। यह आयोजन समाज को अपनी जड़ों, परंपराओं और प्रकृति के प्रति दायित्वों से जोड़ने का एक विनम्र प्रयास है।
आस्था के दीपों से आलोकित होगा जोंक नदी का तट
महाआरती के दौरान जब वैदिक मंत्रों की ध्वनि के बीच मां गंगा की आरती के दीप प्रज्वलित होंगे, तब जोंक नदी का तट आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति के अद्भुत वातावरण से आलोकित होगा। यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति बनेगा।
आयोजक श्री सतीश शर्मा ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं-बहनों, युवाओं एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक एवं पावन आयोजन के साक्षी बनने तथा मां गंगा की महाआरती में सहभागी बनने का आत्मीय आग्रह किया है।































