बालोद शहर के गंजपारा इलाके में एक पूल क्लब की आड़ में चल रहे नशे के अवैध कारोबार
गेमिंग सेंटर की आड़ में चल रहा था ‘चिट्टे’ का खेल, पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई चार आरोपी गिरफ्तार नारकोटिक्स तहत् मामला
अनीश राजपूत बालोद। बालोद शहर के गंजपारा इलाके में एक पूल क्लब की आड़ में चल रहे नशे के अवैध कारोबार का बालोद पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), थाना बालोद और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने छापेमार कार्रवाई करते हुए 7.98 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त हेरोइन और 4 महंगे मोबाइल फोन की कुल कीमत 3 लाख 69 हज़ार 200 रुपये आंकी गई है।
पुलिस को 19 नवंबर को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने सागर अस्पताल, गंजपारा स्थित एक पूल क्लब में दबिश दी। वहां से मुख्य संचालक जवाहर पारा निवासी नावेद खान उर्फ चोको (29) वर्ष के कब्जे से 1 लाख 59 हजार 600 रुपए कीमत की 7.98 ग्राम हेरोइन और नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाले 10 जले हुए सिल्वर कैप बरामद किए गए।
पूछताछ में उगले साथियों के नाम
पुलिस की सख्ती के आगे मुख्य आरोपी नावेद टूट गया और उसने स्वीकार किया कि वह बालोद के शिकारी पारा निवासी गौतम बजाज (24), बूढ़ा पारा निवासी समर प्रताप सिंह (23) और भानुप्रतापपुर (कांकेर) निवासी शुभम सिंह उर्फ लाड़ी (26) को चिट्टा बेचता था और उनके साथ मिलकर इसका सेवन करता था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से आईफोन समेत 4 मोबाइल फोन कीमत 2 लाख 09 हजार 600 रुपए भी जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना बालोद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से नशे के सौदागरों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।































