पहले दिन 353 किसानों से खरीदा गया 1,000 मीट्रिक टन धान, अवैध परिवहन और बिचौलियों पर कलेक्टर की रहेगी नजर
बलौदाबाजार जिले में 8.97 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य, 16 नवंबर के लिए 494 टोकन जारी; किसानों को घर बैठे टोकन लेने की सुविधा
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में खरीदी व्यवस्था ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। खरीदी के पहले दिन 353 किसानों से 1,000 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। वहीं खरीदी व्यवस्था में किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों की बैठक लेकर सभी उपार्जन केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग करने और अवैध धान परिवहन के साथ बिचौलियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को खरीदी के दौरान परेशानी नहीं होनी चाहिए और शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।
कलेक्टर ने सोमवार को अधिकारियों के साथ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी की समीक्षा की। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को अपने-अपने केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और खरीदी से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। प्रशासन का जोर इस बार वास्तविक किसानों से धान खरीदी सुनिश्चित करने और अवैध धान की आवक पर प्रभावी नियंत्रण रखने पर है।
8.97 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य, 1.70 लाख किसानों का पंजीयन
इस खरीफ विपणन वर्ष में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लिए समर्थन मूल्य पर कुल 8 लाख 97 हजार 854 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिले में एग्रीस्टेक पोर्टल के माध्यम से कुल 1 लाख 70 हजार 636 किसानों ने पंजीयन कराया है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार खरीदी के पहले दिन 15 नवंबर को जिले के 353 किसानों से कुल 1,000 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। वहीं 16 नवंबर के लिए 494 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 1,538 मीट्रिक टन धान खरीदी प्रस्तावित है। शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि खरीदी सीजन के पहले ही दिन केंद्रों में किसानों की आवाजाही शुरू हो गई है।
21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी 3,100 रुपये की दर से अंतर की राशि
कलेक्टर ने कृषक उन्नति योजना को लेकर भी किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को यह जानकारी दी जाए कि प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल की सीमा से कम धान बेचने की स्थिति में भी योजना के प्रावधानों के अनुसार अंतर की राशि की गणना पूरे 21 क्विंटल के आधार पर की जाएगी। इसके तहत 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि देय होने की जानकारी किसानों तक पहुंचाने को कहा गया है।
इस संबंध में उपार्जन केंद्रों पर किसानों को स्पष्ट जानकारी देने और योजना को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं रहने देने के निर्देश दिए गए हैं।
घर बैठे मिलेगा टोकन, कंट्रोल रूम में दर्ज करा सकेंगे शिकायत
धान बेचने के लिए किसानों को टोकन प्राप्त करने में सुविधा हो, इसके लिए राज्य शासन द्वारा ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप विकसित किया गया है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे टोकन प्राप्त कर सकते हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। वहीं खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसानों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने को कहा गया है। कलेक्टर ने कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कंट्रोल रूम का नंबर 9201899925 सभी समितियों में लगाए गए फ्लेक्स पर प्रदर्शित करने को कहा, ताकि किसान जरूरत पड़ने पर सीधे संपर्क कर सकें।
भाटापारा मंडी में 3,077 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बिक्री का विकल्प
बैठक में बताया गया कि भाटापारा मंडी में इस वर्ष धान की अच्छी आवक हो रही है। यहां किसान 3,077 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान बेच सकते हैं। इसके साथ ही समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीदी की व्यवस्था भी जारी है। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को उपलब्ध विकल्पों और खरीदी प्रक्रिया की सही जानकारी दी जाए।
अवैध धान और बिचौलियों पर रहेगी सख्त निगरानी
धान खरीदी के दौरान अवैध परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रशासन विशेष नजर रखेगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूसरे क्षेत्रों से अवैध रूप से धान लाकर सरकारी खरीदी में खपाने की कोशिशों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। सभी नोडल अधिकारी अपने केंद्रों में खरीदी की प्रक्रिया पर नजर रखें और किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा, उपायुक्त सहकारिता उमेश गुप्ता, उप संचालक कृषि दीपक नायक, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी जी.एन. साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
…………………………………………………………………..
आपके पास भी कोई जानकारी या शिकायत है? संपर्क करें:
chhattisgarhtalk@gmail.com 9111755172, व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े-Now Join
……………………………………………………………………
समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 9111755172,9691693646
– टीम छत्तीसगढ़ टॉक न्यूज़ (Chhattisgarh Talk News)































