बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक से भिड़ी यात्री बस, 3 की मौत, 8 से 10 घायल
अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की बस दुर्घटनाग्रस्त, गैस कटर से निकाले गए फंसे यात्री; सिमगा अस्पताल भेजे गए घायल
बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। बलौदाबाजार जिले के ग्राम दरचुरा के पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 5:30 बजे अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस सड़क पर खराब होकर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि 8 से 10 लोगों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस क्रमांक CG 04 NM 0859 में कुल 22 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस ने सड़क पर खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मारी। बताया जा रहा है कि ट्रक खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। उसके पास सुरक्षा के लिए स्टॉपर भी लगाए गए थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
गैस कटर की मदद से निकाले गए फंसे यात्री
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त बस में कुछ यात्री फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए गैस कटर सहित अन्य उपकरणों की मदद ली गई। राहत एवं बचाव दल ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा जा रहा था। पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।
हादसे के कारणों की जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सड़क पर खराब होकर खड़े ट्रक से बस की पीछे से टक्कर हुई। हालांकि, बस चालक को ट्रक कितनी दूरी से दिखाई दे रहा था, सड़क पर दृश्यता कैसी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल तीन लोगों की मौत और 8 से 10 लोगों के घायल होने की सूचना है। मृतकों की पहचान, घायलों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।






























