ऑपरेशन निश्चय के तहत् भाटापारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई गांजा तस्कर गिरफ्तार
इनोवा कार में ओड़िसा से गांजा सप्लाई करने वाले दो तस्करों ने पुलिस टीम पर किया जानलेवा हमला वाहन से कुचलने का किया प्रयास
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना भाटापारा ग्रामीण और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने रात के वक्त साहसिक कार्रवाई करते हुए ओडिशा से इनोवा कार में गांजा भरकर दुर्ग-भिलाई खपाने जा रहे दो शातिर तस्करों को धर दबोचा है। गिरफ्तारी के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम को कुचलने और वाहन से टक्कर मारकर जान से मारने का गंभीर प्रयास किया, जिसे पुलिस ने अपनी सूझबूझ से नाकाम कर दिया।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस अधीक्षक गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 24 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक सफेद रंग की इनोवा कार (क्रमांक CG 04 LV 2454) में भारी मात्रा में अवैध गांजा भरकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम का गठन कर संदेही मार्गों पर सख्त नाकाबंदी की गई।
पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने का किया प्रयास
रात के वक्त जब पुलिस ने इनोवा कार को रोकने की कोशिश की, तो पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। तस्करों ने अपनी तेज रफ्तार कार को सीधे पुलिस वाहन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त कर दिया और पुलिसकर्मियों को कुचलकर भागने की कोशिश की। हालांकि, प्रतिकूल परिस्थितियों और अत्यधिक जोखिम के बावजूद पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
6 किलो से अधिक गांजा और इनोवा कार जप्त
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी ली गई, जिसमें सेलो टेप से लपेटकर छिपाया गया कुल 06 किलो 154 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त इनोवा कार को भी जप्त कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ के दुर्ग और राजनांदगांव क्षेत्र में खपाने जा रहे थे।
आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना भाटापारा ग्रामीण में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत अपराध क्रमांक 664/2026 दर्ज कर लिया है। इसके अलावा, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के आरोप में थाना सिटी कोतवाली में भी पृथक से गंभीर धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
- सुरेश सिंह (उम्र 24 वर्ष), निवासी- घासीदास नगर, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
- राजेश साहू (उम्र 56 वर्ष), निवासी- घासीदास नगर, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत यह सख्ती आगे भी लगातार जारी रहेगी।





























