शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरौदपुरी में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ वन महोत्सव
स्कूली विद्यार्थियों से संवाद करते हुए भविष्य में संघ लोक सेवा आयोग एवं राज्य लोक सेवा आयोग जैसी सिविल सेवाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया
बलौदा बाजार। वन परिक्षेत्र अर्जुनी के अंतर्गत स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरौदपुरी में आज, 27 अगस्त 2026 को ‘वन महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण, हरियाली प्रसार और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन को समर्पित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वनमण्डलाधिकारी (DFO) बलौदाबाजार, पंकज कुमार कमल उपस्थित रहे।
स्कुली छात्रों से सीधा संवाद
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में फलदार पौधों के पौधरोपण के साथ हुआ। DFO पंकज कुमार कमल, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने मिलकर परिसर में विभिन्न फलदार पौधे लगाए। पौधरोपण के पश्चात आयोजित सभा में वनमण्डलाधिकारी ने स्कूली विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्रों को करियर गाइडेंस देते हुए भविष्य में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) एवं राज्य लोक सेवा आयोग (PSC) जैसी सिविल सेवाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लगन, सही रणनीति और कड़ी मेहनत से ग्रामीण अंचल के बच्चे भी प्रशासनिक सेवाओं में परचम लहरा सकते हैं। साथ ही उन्होंने प्रकृति के संतुलन में वृक्षों की भूमिका रेखांकित करते हुए वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया।
अद्भुत सांस्कृतिक कार्यक्रम
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अद्भुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने पर्यावरण चेतना, वृक्ष बचाओ अभियान और सामाजिक विषयों पर आधारित मनमोहक नृत्य, प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक और देशभक्ति व प्रकृति पर आधारित कविताओं का पाठ कर उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया।
इस गरिमामय आयोजन में वन परिक्षेत्र अधिकारी अर्जुनी पार्थ शर्मा, गिरौदपुरी के उप सरपंच, स्थानीय पंचगण, स्कूल प्रबंधन के प्राचार्य व समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा वन परिक्षेत्र अर्जुनी के कर्मचारी व अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।




























