एकलव्य विद्यालय सोनाखान में अव्यवस्थाओं को लेकर पालकों का फूटा गुस्सा
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सोनाखान में गंभीर अव्यवस्थाओं का आरोप, पालकों ने अपर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बलौदाबाजार। जिले के सोनाखान स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में व्याप्त कथित अव्यवस्थाओं, प्रशासनिक लापरवाही और विद्यार्थियों को हो रही परेशानियों को लेकर पालकों में नाराजगी देखने को मिली। पालकों ने अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय की व्यवस्थाओं की जांच और सुधार की मांग की है।

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के अंतर्गत संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सोनाखान में पालकों और छात्रों ने कई गंभीर समस्याओं का आरोप लगाया है। इन समस्याओं को लेकर पालकों ने अपर कलेक्टर श्रीमती. दीप्ति गौते के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए ज्ञापन सौंपा।
विद्यार्थियों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
पालकों का आरोप है कि विद्यालय में NESTS द्वारा निर्धारित समय-सारणी और वार्षिक कैलेंडर का पालन नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही रेमेडियल, सुपरविजन तथा NEET/JEE की कक्षाएं भी नियमित रूप से संचालित नहीं होने की बात कही गई है। पालकों के मुताबिक बोर्ड परीक्षा के परिणाम भी निराशाजनक रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिकायत में हॉस्टल और विद्यालय भवन की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। पालकों का कहना है कि विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त बिस्तर, गद्दे, तकिया और चादर उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। इसके चलते एक ही बेड पर दो-दो बच्चों के सोने की स्थिति बनने का आरोप लगाया गया है।
कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर सवाल
पालकों ने हॉस्टल में कार्यरत कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहना है, हॉस्टल में नशा, तोड़फोड़, सामान चोरी और आगजनी जैसी घटनाओं से बच्चों के शैक्षणिक और मानसिक वातावरण पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
पूर्व में कार्यरत कर्मचारियों के साथ हॉस्टल परिसर में मारपीट की घटना घटित हुई, जिससे छात्रों में भय का माहौल है। साथ ही हास्टल के कर्मचारियों द्वारा अचानक एक दिन सामुहिक काम बंद कर हास्टल की व्यवस्था को बाधित किया गया था, वही हॉस्टल के जिम्मेदार कर्मचारियों द्वारा मद्यपान किया जाता है, जिससे हॉस्टल का शैक्षणिक और नैतिक वातावरण बिगड़ रहा है, और दिनांक 14 जुलाई 2026 को हॉस्टल के सभी छात्रों ने बिल व्हाउचर में हों रही गड़बड़ी को लेकर हड़ताल पर बैठ गए थे, जिससे समस्त पालक आक्रोशित है
निष्पक्ष जांच की मांग
पालकों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, हॉस्टल और विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। पालकों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं हुआ और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अपने बच्चों के सामूहिक स्थानांतरण प्रमाण पत्र यानी TC की मांग करने के लिए बाध्य होंगे।
फिलहाल पालकों की शिकायत के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और विद्यालय की व्यवस्थाओं में कितना सुधार होता है, यह देखने वाली बात होगी।






























