प्रेम, भरोसा, धोखा और मौत… एक शिक्षिका की दर्दनाक कहानी ने पूरे बलौदाबाजार को झकझोर दिया…5 महीने तक शादी का वादा कर बनाए संबंध, गर्भवती होने पर मुकरा आरोपी….सुसाइड नोट, दीवार पर लिखे संदेश और मोबाइल साक्ष्यों ने खोला राज
शादी का झांसा, गर्भवती हुई शिक्षिका और फिर मौत… बलौदाबाजार में शिक्षक की करतूत का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में एक शिक्षिका की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिस मौत को शुरुआत में एक सामान्य आत्महत्या माना जा रहा था, उसकी जांच में प्रेम, धोखा, शोषण और मानसिक प्रताड़ना की ऐसी कहानी सामने आई जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी शिक्षक अभिषेक कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर शिक्षिका से शारीरिक संबंध बनाए, उसे गर्भवती कर दिया और जब विवाह की बात आई तो साफ इंकार कर दिया। लगातार मानसिक प्रताड़ना और धोखे से परेशान होकर शिक्षिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
22 जून 2026 को बलौदाबाजार शहर के एक किराए के मकान में रहने वाली व्यावसायिक शिक्षिका काजल ठाकुर का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पहली नजर में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन कमरे की तलाशी के दौरान जो साक्ष्य मिले, उन्होंने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।
दीवार पर लिखा था, “मुझे मार डाला गया”
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कमरे की दीवार पर चिपकी हुई पर्चियां और हाथ से लिखे संदेश मिले। इनमें आरोपी अभिषेक जायसवाल का नाम लिखा हुआ था। दीवार पर अंग्रेजी में लिखा गया संदेश और सुसाइड नोट जांच का सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्य बनकर सामने आया। मृतिका ने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया था कि आरोपी के धोखे, प्रताड़ना और शादी से इंकार करने के कारण वह यह कदम उठाने को मजबूर हुई। जांच अधिकारियों के अनुसार यह आत्महत्या नोट पूरे मामले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुआ।
पड़ोसी से प्रेम संबंध, फिर शुरू हुआ धोखे का सिलसिला
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका जिस किराए के मकान में रहती थी, उसी मकान के बगल वाले कमरे में आरोपी अभिषेक जायसवाल भी रहता था। दोनों एक ही शासकीय विद्यालय में कार्यरत थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने शादी का भरोसा देकर युवती को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। परिजनों के अनुसार आरोपी लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा और इसी भरोसे के आधार पर दोनों के बीच संबंध बने।
पांच महीने तक बनाता रहा शारीरिक संबंध
पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी ने पिछले लगभग पांच महीनों से शादी का झांसा देकर शिक्षिका के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान शिक्षिका गर्भवती हो गई। गर्भधारण की जानकारी मिलने के बाद उसने आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया। यहीं से दोनों के रिश्ते में तनाव शुरू हुआ।
शादी की बात आई तो बदल गया व्यवहार
पुलिस के अनुसार जब शिक्षिका ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने अपना व्यवहार बदल लिया। वह शादी से पीछे हटने लगा और धीरे-धीरे अपने वादों से मुकर गया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शिक्षिका के साथ गाली-गलौज करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों का आरोप है कि मृतिका लगातार तनाव में रहने लगी थी और आरोपी के व्यवहार से बेहद परेशान थी।
तकनीकी साक्ष्यों ने मजबूत किया केस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में विशेष जांच शुरू की गई। साइबर सेल की मदद से मृतिका और आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की गई। मोबाइल चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए। जांच में मिले तकनीकी प्रमाणों से दोनों के संबंधों, गर्भवती होने और आरोपी द्वारा प्रताड़ना दिए जाने संबंधी तथ्यों की पुष्टि हुई। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ाई।
थाना प्रभारी लाखेश केवट ने बताया
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केवट ने बताया कि घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट, दीवार पर लिखे संदेश, मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की गई। उन्होंने बताया कि जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी और मृतिका के बीच प्रेम संबंध थे। आरोपी ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए थे और बाद में शादी से इंकार कर दिया था। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी की प्रताड़ना और धोखे से परेशान होकर मृतिका ने आत्मघाती कदम उठाया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी अभिषेक कुमार जायसवाल को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से पेंड्रा जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के निमधा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में बलौदाबाजार के सिविल लाइन क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की है।
महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्त रुख
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कहा है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी महिला को धोखा देकर उसका शोषण करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
पूरे जिले में चर्चा का विषय बना मामला
एक शिक्षिका की आत्महत्या और उसके पीछे सामने आई कहानी पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान होता तो शायद एक जान बचाई जा सकती थी।-फिलहाल आरोपी कानून की गिरफ्त में है और आगे की न्यायक प्रक्रिया जारी है। वहीं शिक्षिका की मौत ने समाज के सामने यह बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि रिश्तों में धोखा और मानसिक प्रताड़ना किस तरह किसी व्यक्ति को जिंदगी खत्म करने जैसे खतरनाक कदम तक पहुंचा सकती है। अब इस मामले में सभी की नजर अदालत की कार्रवाई पर टिकी हुई है, जहां आरोपी के खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों की कसौटी पर न्याय होगा।
























