अन्नदाता किसानों का सम्मान, उनकी मेहनत का अभिमान और समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण ही हमारी प्राथमिकता
उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ, प्रथम किसान का श्रीफल, शाल, मिठाई एवं गुलाल से तिलक लगाकर किया सम्मान
बलौदा बाजार। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित अमोदी (पंजीयन क्रमांक–204) के अंतर्गत उपार्जन केंद्र अमोदी में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य का आज दिनांक 18 नवंबर 2026 को विधिवत शुभारंभ किया गया।
धान खरीदी के शुभारंभ अवसर पर तुरकीनडीह निवासी प्रथम किसान पंचराम केंवट, पिता सूबेदार ने अपनी उपज की पहली बिक्री करते हुए कुल 18 बोरी अर्थात 7.20 क्विंटल धान का विक्रय किया।
इस शुभ अवसर पर समिति प्रबंधक मनीराम कैवर्त ने प्रथम किसान पंचराम केंवट को श्रीफल एवं शाल भेंटकर, मिठाई खिलाकर तथा गुलाल से तिलक लगाकर आत्मीय एवं सम्मानपूर्ण अभिनंदन किया। इस अवसर पर किसान के चेहरे पर खुशी एवं उत्साह देखते ही बन रहा था। समिति प्रबंधन ने उन्हें धान खरीदी सीजन के शुभारंभ पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
धान खरीदी के इस पावन अवसर पर समिति प्रबंधन द्वारा किसानों को आश्वस्त किया गया कि धान खरीदी प्रक्रिया शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं सुगम तरीके से संचालित की जाएगी। किसानों को उपार्जन केंद्र में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
समिति प्रबंधन ने क्षेत्र के समस्त किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपनी निर्धारित तिथि एवं टोकन के अनुसार उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान विक्रय करें तथा खरीदी व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी खिलेश्वर साहू , समिति अमोदी के लिपिक किरण श्रीवास, ऑपरेटर महेश कुमार कैवर्त, कुलदीपक देवांगन, भृत्य सरोज यादव, चौकीदार, सचदेव यादव सहित क्षेत्र के किसान एवं हमाल गण उपस्थित रहे।अन्नदाता किसानों का सम्मान, उनकी मेहनत का अभिमान और समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण ही हमारी प्राथमिकता है।
…………………………………………………………………………..
आपके पास भी कोई जानकारी या शिकायत है? संपर्क करें:
chhattisgarhtalk@gmail.com 9111755172, व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े-Now Join
…………………………………………………………………………….
समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 9111755172,9691693646
– टीम छत्तीसगढ़ टॉक न्यूज़ (Chhattisgarh Talk News)






























