खोरसी नाले में बही बिजली विभाग की पिकअप, चार कर्मचारी हादसे का शिकार, एक लापता
देर रात बिजली सुधारने निकली टीम हादसे का शिकार…तेज बहाव में पुल पार करते समय बही पिकअप, तीन कर्मचारियों ने तैरकर बचाई जान….लापता कर्मचारी की तलाश में नगर सेना, पुलिस और प्रशासन का संयुक्त रेस्क्यू अभियान
बलौदाबाजार। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। बिजली आपूर्ति बहाल करने जा रही विद्युत विभाग की पिकअप खोरसी नाले के तेज बहाव में बह गई। वाहन में सवार चार कर्मचारियों में से तीन किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि एक कर्मचारी देर रात तक लापता बताया जा रहा है। उसके साथ ही बह गई पिकअप की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। यह हादसा बलौदाबाजार कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम खैंदा के पास खोरसी नाले पर हुआ।
गांव में बिजली गुल होने की सूचना पर निकली थी टीम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात गांव में बिजली बंद होने की सूचना मिलने पर विद्युत मंडल बलौदाबाजार की टीम पिकअप वाहन से विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए रवाना हुई थी। बारिश के कारण खोरसी नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। बताया जा रहा है कि पुल पार करते समय तेज बहाव के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पूरी पिकअप देखते ही देखते पानी में बह गई।
तीन कर्मचारियों ने तैरकर बचाई जान
हादसे के दौरान वाहन में कुल चार लोग सवार थे। इनमें से तीन कर्मचारियों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि एक कर्मचारी तेज बहाव में लापता हो गया। उसकी तलाश लगातार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन पुल से लगभग 800 मीटर दूर तक बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर सेना की टीम, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। संयुक्त टीम द्वारा लापता कर्मचारी और बही हुई पिकअप की तलाश की जा रही है। तेज बहाव और अंधेरे के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद रेस्क्यू टीम लगातार खोज अभियान चला रही है।
प्रशासन और पुलिस मौके पर
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरे घटनाक्रम की निगरानी की जा रही है तथा सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को नियंत्रित किया गया है।
पूर्व विधायक भी पहुंचे घटनास्थल
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा भी घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली। उन्होंने लापता कर्मचारी की शीघ्र तलाश और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।
विद्युत विभाग ने दी जानकारी
विद्युत मंडल बलौदाबाजार के अधिकारी आदित्य ठाकुर ने बताया कि गांव में बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलने पर टीम मौके के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में खोरसी नाले पर तेज बहाव के कारण यह हादसा हो गया। विभाग प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहा है। फिलहाल पूरे जिले की नजर रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है। लापता कर्मचारी की तलाश जारी है और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों और पुलों को पार करने से बचें।























