नाबालिक को अगवा कर दुष्कर्म करने वाले आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार
अचानक घर से लापता हुई नाबालिक युवती मां ने कराई शिकायत दर्ज करहीबाजार पुलीस ने पीड़िता को सकुशल बचाया
बलौदा बाजार। महिला एवं नाबालिग बच्चियों से जुड़े अपराधों पर छत्तीसगढ़ पुलिस का कड़ा रुख लगातार जारी है। जिला पुलिस कप्तान श्री गौरव राय (IPS) के सख्त निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए चौकी करहीबाजार पुलिस ने एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर के मेढ़रा से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है, वहीं पीड़िता को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
बहला-फुसलाकर ले गया था बिलासपुर, किराए के मकान में किया दुष्कर्म
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने चौकी करहीबाजार में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी 25 जून 2026 की सुबह अचानक लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 550/2026 के तहत धारा 137(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
कथन में खुला राज, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीड़िता को सकुशल दस्तयाब (बरामद) किया। महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दर्ज कराए गए बयानों में पीड़िता ने आपबीती सुनाई।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी आशिष निर्मलकर उसे बहला-फुसलाकर बिलासपुर के ग्राम मेढ़रा ले गया था। वहाँ एक किराए के मकान में रखकर उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में BNS की धारा 87, 64(1) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 4 व 6 को शामिल किया।
घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
चौकी प्रभारी करहीबाजार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मेढ़रा (थाना संकरी, जिला बिलासपुर) में दबिश दी। पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। चौकी लाकर की गई सख्त पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
- गिरफ्तार आरोपी: आशिष निर्मलकर (22 वर्ष), पिता- सरोज निर्मलकर, निवासी- मेढ़रा, जिला बिलासपुर।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।






















