बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम के लिए 100 दिन का एक्शन प्लान, कमजोर स्कूलों पर विशेष फोकस; कलेक्टर ने प्राचार्यों और BEO को दिए निर्देश
मिशन उत्कर्ष की समीक्षा बैठक में कलेक्टर कुलदीप शर्मा सख्त, कमजोर विषयों के विद्यार्थियों के लिए लगेंगी रेमेडियल क्लास; प्रतिदिन की शिक्षण कार्ययोजना बनाने के निर्देश
बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए अब जिला प्रशासन ने स्कूलों की पढ़ाई और परीक्षा तैयारी को लेकर 100 दिन का विशेष एक्शन प्लान तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। जिले में कक्षा 10वीं और 12वीं का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित मिशन उत्कर्ष की समीक्षा करते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कमजोर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन विद्यालयों का त्रैमासिक परीक्षा परिणाम औसत या कमजोर रहा है, वहां केवल समीक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि कमियों की पहचान कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। सोमवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलौदाबाजार में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और प्राचार्यों के साथ त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा की। उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए अगले 100 दिनों की स्पष्ट रणनीति तैयार करने और प्रत्येक दिन की पढ़ाई का लक्ष्य निर्धारित करने पर जोर दिया।
कमजोर स्कूलों की होगी निगरानी, BEO को फील्ड विजिट के निर्देश
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि मिशन उत्कर्ष का मुख्य उद्देश्य कक्षा 10वीं और 12वीं में जिले का शत-प्रतिशत परिणाम हासिल करना है। इसके लिए जिन स्कूलों का प्रदर्शन औसत रहा है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए। संबंधित BEO विद्यालयों का दौरा कर प्राचार्यों से चर्चा करें और परीक्षा परिणाम कमजोर रहने के वास्तविक कारणों की पहचान करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विषयों में विद्यार्थियों का प्रदर्शन कमजोर है, उन विषयों पर अतिरिक्त ध्यान दिया जाए। जरूरत के अनुसार उपचारात्मक कक्षाएं यानी रेमेडियल क्लास संचालित की जाएं, ताकि कमजोर विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा से पहले पर्याप्त अभ्यास और मार्गदर्शन मिल सके।
अगले 100 दिन की बनेगी प्रतिदिन की पढ़ाई की कार्ययोजना
बैठक में कलेक्टर ने शिक्षकों की जिम्मेदारी पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक पूरी ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करें। बोर्ड परीक्षा में अच्छे परिणाम के लिए केवल अंतिम समय में तैयारी कराने के बजाय अभी से सुनियोजित तरीके से पढ़ाई कराना जरूरी है।
उन्होंने प्रत्येक शिक्षक को अगले 100 दिनों के लिए प्रतिदिन की शिक्षण कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें विद्यार्थियों की विषयवार कमजोरियों को ध्यान में रखते हुए पढ़ाई, अभ्यास और परीक्षा की तैयारी पर फोकस करने को कहा गया।
उत्कर्ष ई-कक्षा से डिजिटल पढ़ाई को मिल रहा बढ़ावा
मिशन उत्कर्ष के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा संचालित उत्कर्ष ई-कक्षा को भी विद्यार्थियों की तैयारी का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया गया है। इस पहल के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी अपने-अपने विद्यालयों में उपस्थित रहकर यूट्यूब के माध्यम से ऑनलाइन कक्षाओं से जुड़ रहे हैं। इन कक्षाओं में विषय विशेषज्ञ शिक्षक पाठ्यक्रम के अनुरूप अध्यापन करा रहे हैं। कठिन विषयों और अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाने के साथ बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया जा रहा है। डिजिटल माध्यम से विषय विशेषज्ञों की पढ़ाई विद्यार्थियों तक पहुंचाने का उद्देश्य जिले के अलग-अलग विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता के अंतर को कम करना भी है।
अब 100 दिन की रणनीति के परिणाम पर रहेगी नजर
मिशन उत्कर्ष के तहत प्रशासन ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर समयबद्ध रणनीति पर जोर दिया है। अब कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों की निगरानी, विषयवार सुधार, रेमेडियल क्लास और शिक्षकों की दैनिक कार्ययोजना कितनी प्रभावी साबित होती है, यह आगामी परीक्षा परिणामों में सामने आएगा। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी शिवकुमार गेंदले सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी और विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।































