एमए फूड्स सिमगा में अमानवीय कृत्य के आरोप: 17 वर्षीय नाबालिग मजदूर की मौत के मामले में मिल प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध
समाजसेवी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत कर SIT जांच की मांग किया है। नाबलिक मजदूर मौत का मामला
बलौदा बाजार। सिमगा थाना क्षेत्र के एमए फूड्स में काम के दौरान नाबालिग के गुदा मार्ग में बोरी साफ करने की एयर मशीन डालने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आंत फटने के बाद रायपुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर आ रही जानकारी के मुताबिक परिवार को प्रभावित कर मामला दबाने की कोशिश करने का आरोप लग रहा है, वहीं समाजसेवी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत कर SIT जांच की मांग किया है।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा स्थित एम.ए. फूड्स की चंदेरी मिल में 17 वर्षीय नाबालिग मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पहचान कानून के प्रावधानों के तहत गोपनीय रखी जा रही है। वह बनसंकरा का निवासी बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिल में काम करने के दौरान कुछ सहयोगी मजदूरों द्वारा कथित तौर पर मजाक-मजाक में नाबालिग के गुदा मार्ग में वैक्यूम जैसी कोई वस्तु अथवा उपकरण डाल दिया गया। आरोप है कि इस घटना में उसकी आंत फट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि 108 की मदद से उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिमगा ले जाया गया। जहां से तुरंत ही घायल व्यक्ति को तिल्दा के एक निजी अस्पताल और फिर वहां से बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मिल प्रबंधन और मालिक की भूमिका की जांच जरूरी
इस घटना में केवल मजदूरों की भूमिका की जांच पर्याप्त नहीं होगी। यह भी पता लगाया जाना जरूरी है कि घटना से पहले मृतक की मिल प्रबंधन अथवा मालिक के साथ कोई अनबन या विवाद हुआ था या नहीं। यदि ऐसा कोई विवाद हुआ था तो उसकी परिस्थितियों, समय और उसमें शामिल लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
साथ ही घटना के समय मिल में कौन-कौन मौजूद थे? घायल नाबालिग को अस्पताल पहुंचाने में कितना समय लगा? प्रबंधन को घटना की जानकारी कब मिली? इन सभी पहलुओं की जांच आवश्यक है।
मजदूरों से मारपीट की शिकायतें भी आईं सामने
मिल की कार्यप्रणाली को लेकर कुछ अन्य गंभीर आरोप भी सामने आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मिल प्रबंधन से जुड़े एक पारिवारिक सदस्य द्वारा मृतक और अन्य मजदूरों के साथ अक्सर मारपीट किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि कर संबंधित मजदूरों के बयान दर्ज किए जाने चाहिए।
मृतक के परिवार को प्रभावित कर मामला दबाने का आरोप
इस मामले में कुछ बिचौलियों और कुछ सरपंचों द्वारा कथित तौर पर मृतक के परिवार को प्रभावित करने तथा मामले को दबाने का प्रयास किए जाने की जानकारी भी सामने आ रही है। यह जांच का गंभीर विषय है कि परिवार पर किसी प्रकार का दबाव बनाया गया है या नहीं, उन्हें किसी आर्थिक समझौते के लिए प्रभावित किया गया है या नहीं और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका है।
नाबालिग की संदिग्ध मौत जैसे गंभीर मामले में किसी भी प्रकार का दबाव अथवा समझौता निष्पक्ष जांच का विकल्प नहीं हो सकता।
सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री स्तर पर की शिकायत
इस पूरे मामले की शिकायत वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम सिंह चौहान द्वारा मुख्यमंत्री स्तर पर किए जाने की जानकारी मिली है। चौहान ने कहा कि एम.ए. फूड्स मिल के प्रबंधन के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद यदि 17 वर्षीय नाबालिग को मिल में काम पर रखा गया और उसके साथ इस तरह की गंभीर घटना हुई है तो यह बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने मांग की है कि नाबालिग को काम पर रखने के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए और घटना में जिन लोगों की भूमिका सामने आती है, उनके खिलाफ हत्या अथवा अन्य उपयुक्त गंभीर आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
चौहान ने कहा कि मामले की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए मिल परिसर के सभी CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित कराकर उच्चस्तरीय SIT (विशेष जांच दल) का गठन किया जाना चाहिए। SIT में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी शामिल किया जाए, ताकि जांच निष्पक्ष और व्यापक हो सके।
उन्होंने यह भी मांग की है कि पीड़ित परिवार को कथित रूप से आर्थिक सहायता देकर या अन्य माध्यमों से प्रभावित कर मामले को दबाने के प्रयासों की जांच की जाए। साथ ही परिवार के सदस्यों के स्वतंत्र बयान दर्ज किए जाएं, ताकि किसी दबाव के बिना वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।
चौहान के अनुसार, इस मामले को लेकर श्रम विभाग और पर्यावरण विभाग में भी शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मजदूरों के रिकॉर्ड और नाबालिगों की नियुक्ति की जांच जरूरी
सबसे बड़ा सवाल यह है कि 17 वर्षीय नाबालिग को किस आधार पर मिल में काम पर रखा गया था? क्या उसका नाम कंपनी के आधिकारिक मजदूर रजिस्टर में दर्ज था?
मिल के मस्टर रोल, उपस्थिति रजिस्टर, वेतन भुगतान रिकॉर्ड, नियुक्ति दस्तावेज और ठेकेदारों के माध्यम से रखे गए मजदूरों का विवरण जांचा जाना चाहिए। साथ ही यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि मिल में अन्य नाबालिग भी काम कर रहे हैं या नहीं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज से सामने आ सकते हैं तथ्य
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा के मेडिकल रिकॉर्ड, अस्पताल की मेडिकल हिस्ट्री, MLC और अन्य चिकित्सकीय दस्तावेजों की जांच बेहद महत्वपूर्ण है।
मिल परिसर के CCTV फुटेज, गेट एंट्री रजिस्टर, घटना के दिन मौजूद कर्मचारियों के बयान और घटना के बाद की गतिविधियों की भी जांच होनी चाहिए।
यदि जांच में नाबालिग के साथ यौन प्रकृति का अपराध प्रमाणित होता है तो POCSO अधिनियम सहित अन्य लागू आपराधिक कानूनों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
SIT गठन और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
एक 17 वर्षीय नाबालिग की मौत के बाद कई सवालों के जवाब सामने आना बाकी हैं। घटना कैसे हुई? इसमें कौन-कौन शामिल थे? क्या मृतक और मिल प्रबंधन या मालिक के बीच कोई विवाद हुआ था? नाबालिग को काम पर किसने रखा था? परिवार को प्रभावित करने का प्रयास किसने किया? क्या घटना के साक्ष्यों को छिपाने या मामले को दबाने की कोशिश हुई?
वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम सिंह चौहान ने मांग की है कि पूरे मामले में उच्चस्तरीय SIT गठित कर स्वतंत्र जांच कराई जाए और जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नाबालिग के परिवार को न्याय दिलाने और घटना की वास्तविकता सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
घायल को अस्पताल के बाहर से ही ले गए थे
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा के बीएमओ डॉ. पारस पटेल ने बताया कि घटना के बाद 108 से घायल को लाया गया था, लेकिन उसे तुरंत ही तिल्दा के निजी अस्पताल लेकर चले गए गए यहां इलाज नहीं हुआ।
पुलिस जांच कर रही है उससे पूछिए
एमए फूड्स के डायरेक्टर अजय सचदेव ने कहा कि मामले की जांच पुलिस कर रही है वही बताएंगे जो जांच कर रहे हैं, फोन पर मैं कुछ नहीं बताऊंगा। आप मिलेंगे तब समझूंगा, ऐसा बोलकर फोन काट दिया।
पुलिस के पास कोई आया नहीं है
मामले के संबंध में जब सिमगा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी तो है, लेकिन मौत की घटना रायपुर में हुई है, वहां से न डायरी आई है, न पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई है। न ही पीड़ित परिवार आया है। इसलिए अभी कुछ भी कह देना उचित नहीं है। हालांकि घटना की पूरी जानकारी है।
……………………………………………………………………
आपके पास भी कोई जानकारी या शिकायत है? संपर्क करें:
chhattisgarhtalk@gmail.com 9111755172, व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े-Now Join
……………………………………………………………………
समाचार और विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 9111755172,9691693646
– टीम छत्तीसगढ़ टॉक न्यूज़ (Chhattisgarh Talk News)





























