वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज के मार्गदर्शक, उनके अनुभव युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत: संजीव मिश्रा

वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज के मार्गदर्शक, उनके अनुभव युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत: संजीव मिश्रा
अल्ट्राटेक रावन सीएसआर ने विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर 120 वरिष्ठ नागरिकों का किया सम्मान
बलौदाबाजार: अल्ट्राटेक रावन सीएसआर द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता और समाज में उनके योगदान को रेखांकित करने के उद्देश्य से विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कार्यक्षेत्र के 60 वर्ष से अधिक आयु के करीब 120 वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान स्वरूप उपहार प्रदान किए गए। साथ ही उनके साथ संवाद कर उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया गया। आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अल्ट्राटेक रावन के प्रशासनिक प्रमुख संजीव मिश्रा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज के मार्गदर्शक होते हैं। उनके लंबे जीवन का अनुभव और संघर्ष से मिली सीख युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति समाज को हमेशा संवेदनशील रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और बदलती सामाजिक परिस्थितियों के बीच वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। परिवार और समाज को उनके अनुभवों का लाभ लेने के साथ-साथ उनके सम्मान और गरिमा का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।

संवाद के जरिए जानी वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं

सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया गया। इस दौरान उनकी दैनिक आवश्यकताओं, स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं और अन्य समस्याओं को जानने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और इस तरह के आयोजन के लिए सीएसआर टीम का आभार जताया। आयोजकों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके प्रति सम्मान, सहयोग और संवेदनशीलता समाज की निरंतर जिम्मेदारी होनी चाहिए।
सम्मान के साथ लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही समाज में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और उनकी गरिमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में सेक्योरिटी विभाग प्रमुख राजू सिंह एवं सीएसआर प्रमुख निरुपा श्रीवास्तव की विशेष उपस्थिति रही। आयोजन को सफल बनाने में सीएसआर अधिकारी ज्योत्सना पति एवं रंजय पाण्डेय के साथ टीम के सदस्य जानकी यादव, हेमलता ध्रुव, सुरेन्द्र यादव, ताराचंद वर्मा, सुनीता निषाद, साहिल बांधे और गुमान साहू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ-साथ पीढ़ियों के बीच संवाद और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश भी दे गया।
error: Content is protected !!