डोंगरीडीह के होनहार छात्र धनेश धृतलहरे का ‘प्रयास’ आवासीय विद्यालय में चयन, गाँव में खुशी की लहर
प्रयास आवासीय विद्यालय में रहकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण करेंगे, जहाँ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी का अवसर
बलौदा बाजार। महानदी के तटीय गाँव डोंगरीडीह के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के होनहार छात्र धनेश धृतलहरे ने अपनी लगन और कठिन परिश्रम के बल पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। धनेश का चयन राज्य के प्रतिष्ठित ‘अनुसूचित जाति बालक प्रयास आवासीय विद्यालय, पाटन (जिला दुर्ग)’ के लिए हुआ है।
पिता हंसराज एवं माता राजेश्वरी धृतलहरे के सुपुत्र धनेश शुरू से ही मेधावी और अनुशासित छात्र रहे हैं।
उन्होंने कक्षा 8वीं में अध्ययनरत रहते हुए प्रयास विद्यालय की कड़ी प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा में भाग लिया और उत्कृष्ट अंक हासिल कर अपना प्रवेश सुनिश्चित किया। इस चयन के बाद अब धनेश कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक पाटन (दुर्ग) स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में रहकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण करेंगे, जहाँ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी का अवसर भी मिलेगा।
धनेश की इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरे डोंगरीडीह गाँव और आसपास के अंचल में हर्ष का माहौल है। शासकीय माध्यमिक शाला डोंगरीडीह की प्रभारी प्रधान पाठक सुश्री रूखमणी सेन, शिक्षिका प्रेमलता ठाकुर, देवकी देवांगन और शिक्षक प्रकाश भारद्वाज ने धनेश को मिठाई खिलाकर बधाई दी। शिक्षकों ने कहा कि धनेश की यह सफलता अन्य ग्रामीण बच्चों को भी आगे बढ़ने और प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी।
गाँव के ग्रामीणों और गणमान्य नागरिकों ने भी धनेश की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की है।






























