पैसों के विवाद ने लिया खूनी रूप, दुकानदार की मौत आरोपी हिरासत में
मामूली लेन-देन बना खूनी संघर्ष, कैंची से ताबड़तोड़ हमला हॉस्पिटल में युवक की मौत, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कसडोल थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-2 स्थित इंदिरा कॉलोनी में पैसों के मामूली लेन-देन को लेकर दो दुकानदारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बहस के दौरान एक दुकानदार ने दूसरे पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप
मिली जानकारी के अनुसार, इंदिरा कॉलोनी निवासी फिरतू यादव और सनी पैकरा (34 वर्ष) आसपास में ही अपनी-अपनी गुमटी लगाकर दुकान चलाते थे। बुधवार शाम लगभग 4 बजे पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि फिरतू यादव ने आपा खो दिया और दुकान में रखी कैंची से सनी पैकरा पर हमला कर दिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
कैंची के हमले में सनी पैकरा बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल सनी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन घाव गहरा होने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
आरोपी गिरफ्तार, इलाके में सनसनी
वारदात की सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना देर किए घेराबंदी कर आरोपी फिरतू यादव को हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से इंदिरा कॉलोनी और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।






















