केशकाल पुलिस ने चलाया यातायात जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम
शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों की उपस्थिति में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के महत्व पर विस्तार से बताया
रामकुमार भारद्वाज केशकाल :- सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति विद्यार्थियों और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से थाना केशकाल पुलिस द्वारा आज स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी माध्यम विद्यालय, केशकाल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक विकास बघेल ने विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी नहीं बैठाने, तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की समझाइश दी।
विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को जागरूक किया गया जो स्कूटी अथवा मोटरसाइकिल से विद्यालय आते हैं। पुलिस ने बताया कि नाबालिग द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध है। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। विद्यार्थियों को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की गई।
पुलिस द्वारा विद्यार्थियों के अभिभावकों तक भी मोबाइल संदेश के माध्यम से जागरूकता संदेश पहुंचाया गया। इसमें अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने नाबालिग बच्चों को बिना वैध लाइसेंस दोपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें तथा वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें।
थाना केशकाल पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में यातायात नियमों का पालन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करे तो दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। पुलिस ने विद्यार्थियों एवं आमजन से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस द्वारा आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया।






















