उद्बोधन सूची से नाम कटने पर भड़के पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी, जबरन माइक थामकर गिनाईं क्षेत्र की समस्याएं

उद्बोधन सूची से नाम कटने पर भड़के पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी, जबरन माइक थामकर गिनाईं क्षेत्र की समस्याएं
उद्बोधन सूची से नाम कटने पर भड़के पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी, जबरन माइक थामकर गिनाईं क्षेत्र की समस्याएं
उद्बोधन सूची से नाम कटने पर भड़के पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी, जबरन माइक थामकर गिनाईं क्षेत्र की समस्याएं
खोखसरा सेवा संकल्प शिविर में प्रचार-प्रसार की कमी और पुराने आवेदनों का निराकरण न होने से ग्रामीणों ने बनाई दूरी
लतीफ मोहम्मद देवभोग:- ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से देवभोग ब्लॉक के ग्राम खोखसरा के हाई स्कूल ग्राउंड में सेवा संकल्प शिविर का आयोजन किया गया था। इस ब्लॉक स्तरीय शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल शामिल हुए। उनके साथ क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी और बीजेपी के जिला स्तर के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे।
दावा था कि इस शिविर से देवभोग ब्लॉक के 94 गांवों की 53 पंचायतों को लाभ मिलेगा, जिनकी कुल आबादी लगभग 80 हजार है। लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट रही। लंबे अरसे बाद आयोजित इस विकासखंड स्तरीय शिविर को ग्रामीणों का रिस्पांस बेहद ठंडा रहा। शिविर में गिनती के लोग पहुंचे और जो भीड़ नजर भी आ रही थी, वह मितानिनों, स्व सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विभागीय कर्मचारियों की थी।

उड़ीसा के ‘घुमरा नाचा’ से भीड़ जुटाने का प्रयास विफल

शिविर में आम जनता की कम संख्या को देखते हुए भीड़ जुटाने के लिए पश्चिमी उड़ीसा के प्रसिद्ध ‘घुमरा नाचा’ (नृत्य) का सहारा लिया गया। कलाकारों ने जब तक प्रस्तुति दी, लोग रुके रहे, लेकिन जैसे ही घूमरा नृत्य खत्म हुआ, वैसे ही भीड़ भी मैदान से गायब हो गई। ग्रामीणों की इस बेरुखी की मुख्य वजह व्यापक प्रचार-प्रसार की कमी और पूर्व में दिए गए आवेदनों का आज तक उचित निराकरण न होना बताया जा रहा है।

मंच पर गरमाया माहौल: पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी ने जबरन थामा माइक

कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक माहौल उस वक्त गरमा गया जब उद्बोधन सूची से पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी का नाम हटा दिया गया। इससे भड़के मांझी ने अपनी बात रखने के लिए खुद ही जबरदस्ती मंच पर उठकर माइक संभाला। उन्होंने मंत्री दयालदास बघेल के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख और ज्वलंत समस्याओं को बेबाकी से रखा। मांझी ने बेलाट नाला में पुल निर्माण, झाखरपारा में जिला सहकारी बैंक खोलने, क्षेत्र की जर्जर सड़कों को सुधारने, विभागीय अधिकारियों के मुख्यालय से नदारद,सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त करने और शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़े देवभोग ब्लॉक पर विशेष ध्यान देने की मांग प्रमुखता से उठाई।

मंत्री ने की घोषणाएं, कलेक्टर ने दी नसीहत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खाद्य एवं प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मंत्री बघेल ने मौके पर ग्राम खोखसरा में सीसी रोड निर्माण, ग्राम खमारगुड़ा में नए ट्रांसफार्मर की स्थापना, धान खरीदी केंद्र की विवादित जमीन के जल्द निपटारे (कलेक्टर को निर्देश) और खोखसरा में अमृत सरोवर निर्माण की घोषणा की। वहीं, गरियाबंद कलेक्टर रणवीर शर्मा ने अपने संबोधन में क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही और पालकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षा से वंचित न रखें।

270 आवेदनों में से सिर्फ 4 शिकायतें, बाकी मांगें

इस बड़े तामझाम वाले शिविर में कुल 270 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से सिर्फ 4 आवेदन शिकायत से जुड़े थे, जबकि शेष 266 आवेदन विभिन्न प्रकार की मांगों को लेकर रहे। अधिकारियों द्वारा कुछ आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को समय-सीमा के भीतर जांच और निराकरण के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया गया है।
error: Content is protected !!